बह गई सड़कें, तहस-नहस हो गए घर... नॉर्थ-ईस्ट में बारिश बनी आफत, 4 दिन में हो गया सब तबाह

punjabkesari.in Monday, Jun 02, 2025 - 12:20 PM (IST)

नारी डेस्क: मणिपुर में नदियों के उफान पर होने और तटबंधों के टूटने के कारण आई बाढ़ से 19,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 3,365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 19,811 लोग प्रभावित हुए हैं। लोगों को घरों और प्रभावित इलाकों से निकाल कर 31 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर भूस्खलन, बाढ़ से काफी ज्यादा प्रभावित हुए। असम के 12 जिलों में कम से कम 60 हजार लोग प्रभावित हुए.

PunjabKesari
इनके अलावा सेनापति जिला भी बाढ़ से प्रभावित है। पिछले चार दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन की 47 घटनाएं भी हुई हैं। नदी का जलस्तर बढ़ जाने के बाद बाढ़ का पानी खुरई, हेइगांग और चेकॉन इलाकों में भर गया है। एक अधिकारी ने बताया कि चेकॉन क्षेत्र में इंफाल नदी के उफान पर आने के बाद ऑल इंडिया रेडियो इंफाल परिसर और जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान सहित कई कार्यालयों, स्वास्थ्य केन्द्रों और प्रतिष्ठानों के परिसर में जलभराव की सूचना है। उन्होंने बताया कि इंफाल ईस्ट जिले के पोरोम्पट स्थित जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान परिसर में बाढ़ का पानी घुसने से वहां भर्ती कई मरीजों को रविवार शाम अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया। 

PunjabKesari
अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का पानी भूतल पर स्थित महिला आर्थोपेडिक एवं सर्जरी वार्ड में घुसने के बाद स्थानीय क्लब, स्वयंसेवकों, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने मिलकर मरीजों को वहां से निकाल कर अन्य अस्पतालों में पहुंचाया।  सेना और असम राइफल्स के जवानों ने सबसे अधिक प्रभावित जिले इंफाल ईस्ट में जलमग्न इलाकों से लगभग 800 लोगों को बचाया।  लगातार बारिश को देखते हुए राज्यपाल ने इंफाल ईस्ट और वेस्ट जिलों तथा सेनापति जिले के सेनापति उप-मंडल के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश अगले आदेश तक और बढ़ाने की घोषणा की है। 

PunjabKesari
अधिकारियों ने बताया कि व्यूलैंड कॉलोनी के पास सेनापति नदी के उफान पर आने से सेनापति जिले के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं। एक बयान में कहा गया कि भारतीय सेना और असम राइफल्स के जवानों ने शनिवार को लगभग 800 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। असम राइफल्स के जवानों को त्वरित प्रतिक्रिया दलों के साथ सबसे अधिक प्रभावित स्थानों पोरोम्पट, वानखेई, संजेनथोंग, पैलेस कंपाउंड, न्यू चेकॉन, खुरई हेइक्रमाखोंग हेइनांग, सोइबाम लेइकाई, वांगखेई अंगोम लेइकाई, इंफाल ईस्ट जिले के नोंग्मेइबुंग राज बारी और आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया गया है। बयान में कहा गया- ‘‘सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों की कुल संख्या लगभग 800 है, जिनमें 10 से 20 दिव्यांगजन और वृद्ध शामिल हैं।''

PunjabKesari

भीषण बाढ़ के कारण मुख्य भूमि से कटे फंसे हुए लोगों को IAF Mi-17 हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 मई को "बहुत भारी बारिश, आंधी और बिजली" की भविष्यवाणी करते हुए, आने वाले सप्ताह, 6 जून तक अरुणाचल प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की है। इस बीच, मौसम विभाग ने 1 से 5 जून तक "भारी बारिश, आंधी और बिजली" की भविष्यवाणी की है, जबकि 5 और 6 जून को केवल "भारी बारिश" की भविष्यवाणी की है। इस सप्ताह की शुरुआत में, IMD ने देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की भविष्यवाणी करते हुए बहु-खतरनाक मौसम चेतावनी जारी की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static