शादी के लिए मना करने पर पंजाबी सिंगर की हत्या, 6 दिन पहले हुई थी Kidnapping
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 03:52 PM (IST)
नारी डेस्क: पंजाब के लुधियाना में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पंजाबी गायिका इंदर कौर (जिन्हें यशविंदर कौर के नाम से भी जाना जाता है) की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि छह दिन पहले उन्हें बंदूक की नोक पर कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नीलो नहर से उनका शव बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, 29 साल की सिंगर 13 मई से लापता थी। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि उसे बंदूक की नोक पर अगवा किया गया था और आरोपी उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा था। उनका दावा है कि शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। उसके भाई के बयान के अनुसार, इंदर कौर 13 मई को शाम करीब 6:30 बजे घर का सामान खरीदने के लिए अपनी कार से निकली थी, लेकिन फिर कभी वापस नहीं लौटी। बाद में परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की और उससे संपर्क न हो पाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि सिंगर सुखविंदर सिंह नाम के एक व्यक्ति को जानती थी। सुखविंदर मोगा का रहने वाला है और फिलहाल कनाडा में रहता है। पीड़िता के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा था और उसके बच्चे भी थे, फिर भी वह सिंगर पर उससे शादी करने का दबाव डालता रहा। उन्होंने आगे दावा किया कि आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश भाग गया और उस पर कनाडा से ही पूरी साज़िश रचने का आरोप लगाया। पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है और कथित अपहरण तथा जबरन शादी के दबाव से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

