पंजाब में भयानक बाढ़ में बहे 4 युवक, चंद दूरी पर था पाकिस्तान, फिर NDRF ने बचाई जान

punjabkesari.in Thursday, Aug 28, 2025 - 10:24 AM (IST)

नारी डेस्क:  पंजाब में बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। राज्य के कई जिले जलमग्न हैं, खासकर भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे गांवों में हालात बेहद खराब हैं। बाढ़ के पानी में लोग फंस गए हैं, खेत-खलिहान डूब गए हैं और बचाव टीमें लगातार लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। बुधवार को एक बेहद नाटकीय और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई। बाढ़ के तेज बहाव में बहते हुए चार युवक पाकिस्तान बॉर्डर तक पहुंच गए। गनीमत रही कि वहां एक यूकेलिप्टस का पेड़ था, जिससे वे चिपककर किसी तरह खुद को बचाए रहे। अगर वे पेड़ को पकड़ने में नाकाम होते, तो वे सीधे पाकिस्तान की सीमा में बह जाते। यह घटना फाजिल्का जिले के तेजा रोहेल्ला गांव की है, जो बॉर्डर की 'जीरो लाइन' पर स्थित है।

एक लड़के को बचाने गए थे, खुद भी बह गए

NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम ने जानकारी दी कि सबसे पहले 16 साल का एक लड़का बाढ़ के बहाव में बह गया था। उसे बचाने के लिए तीन अन्य युवक आगे आए, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे भी बह गए। चारों युवक बहते-बहते पाकिस्तान की ओर जा रहे थे। तभी उन्होंने एक पेड़ को पकड़ लिया और वहीं अटके रहे।

जान बचाने के लिए घंटों इंतजार

वे चारों युवक यूकेलिप्टस के पेड़ से चिपके रहे और किसी मदद का इंतजार करते रहे। NDRF की टीम जब मौके पर पहुंची, तब जाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। टीम ने बताया कि यह पेड़ सीमा के बिल्कुल पास था, और अगर वे युवक पेड़ से आगे निकलते, तो पाकिस्तान की जमीन में पहुंच जाते।

ये भी पढ़ें:  पेट में 40 साल से पल रहा था ‘पत्थर का बच्चा’, डॉक्टर भी देखकर रह गए हैरान

गुरदासपुर में 400 छात्रों को रेस्क्यू किया गया

बचाव अभियान यहीं नहीं रुका। उसी दिन खबर मिली कि गुरदासपुर जिले के एक आवासीय स्कूल में लगभग 400 छात्र और 40 स्टाफ सदस्य बाढ़ में फंस गए हैं। स्कूल के ग्राउंड फ्लोर में पूरी तरह पानी भर गया था और पानी पहली मंजिल तक पहुंचने लगा था। बच्चे और कर्मचारी डर के मारे ऊपर की मंजिलों पर फंसे हुए थे। समय पर सेना और NDRF की टीम नाव लेकर मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पंजाब सरकार ने सभी स्कूल किए बंद

बाढ़ और लगातार बारिश को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों को 30 अगस्त तक बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, बोर्डिंग स्कूलों के छात्रों को कैंपस के अंदर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बारिश से तबाही: सामान्य से 243% ज्यादा बारिश

पंजाब में पिछले 24 घंटों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश हुई है। आमतौर पर इस समय 4.2 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 14.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 243% अधिक है। सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन, इन जिलों में बाढ़ के कारण हालात बेहद गंभीर हैं।

सीएम भगवंत मान ने दिया हेलीकॉप्टर

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद राहत कार्यों की निगरानी करते हुए अपना सरकारी हेलीकॉप्टर भी बचाव अभियानों के लिए दे दिया है। उन्होंने कहा कि "जनता की जान सबसे पहले है, सरकार हर संसाधन का इस्तेमाल करेगी।" पंजाब में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। भारत-पाक बॉर्डर के पास युवकों को बचाने से लेकर गुरदासपुर के स्कूल में फंसे सैकड़ों बच्चों की रेस्क्यू की खबरों ने यह साबित किया है कि राहत टीमें जान की बाज़ी लगाकर लोगों को बचाने में जुटी हैं। सरकार और एजेंसियां अलर्ट पर हैं, लेकिन लोगों को भी सतर्क रहने की ज़रूरत है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static