महाभारत के बाद गूफी पेंटल को ट्रेन में सीट नहीं देते थे लोग, कहते थे- शकुनी मामा काे नहीं बैठने देंगे

punjabkesari.in Tuesday, Jun 06, 2023 - 10:57 AM (IST)

शकुनी मामा की भूमिका निभाने से मशहूर हुए गूफी पेंटल को टीवी धारावाहिक ‘महाभारत' के इस किरदार की वजह से एक बार ट्रेन में सीट नहीं मिली थी। बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत' में शकुनी मामा का किरदार निभाने की वजह से गूफी पेंटल 1980 के दशक के आखिर में घर-घर में जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे। ‘महाभारात' में भीष्म का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना ने पेंटल के साथ सफर करने का एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए बताया कि एक ट्रेन में यात्री पेंटल को शकुनी मामा के किरदार की वजह से सीट देने को राजी नहीं हुए। 

PunjabKesari
टिकट कलेक्टर ने किया था स्वागत

मुकेश खन्ना ने बताया- “ हम प्रथम श्रेणी के डिब्बे में सवार हो गए लेकिन हमारे पास द्वितीय श्रेणी का टिकट था। टिकट कलेक्टर ने हम दोनों को देखते ही कहा, “ आइए, शकुनी मामा और भीष्म पितामह...'। वो हमारे लिए सीट का इंतजाम करने लगे। खन्ना ने बताया, “ हम सीट आवंटित किए जाने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक यात्री ने कहा कि वे भीष्म पितमाह को तो बैठा लेंगे लेकिन शकुनी मामा को नहीं बैठाएंगे।” उन्होंने बताया, “ मैंने पेंटल से कहा कि यह उनकी टीवी पर आने वाली छवि के कारण हो रहा है।” बहरहाल, ज्यादातर लोगों को यह मालूम नहीं है कि पेंटल ने धारावाहिक के अहम चरित्रों के लिए कई कलाकारों का चयन करने में अहम भूमिका निभाई थी।

PunjabKesari
अभिनेता नहीं बनना चाहते थे पेंटल 

खन्ना ने बताया कि पेंटल ने ही उन्हें महाभारत धारावाहिक के वास्ते ऑडिशन के लिए बुलाया था और यह भूमिका उनके करियर में सबसे अहम साबित हुई। उनका संबंध दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक के साथ शुरू हुआ था और उन्होंने पेंटल को 2013 में ‘हमारा हीरो शक्तिमान' टीवी फिल्म में एक भूमिका दी थी। खन्ना ने कहा- “ मेरा उनके साथ 'महाभारत' के समय से एक लंबा रिश्ता था और मैंने उन्हें 'हमारा हीरो शक्तिमान' में कास्ट (चयन) किया, जिसमें उन्होंने डॉ जैकॉल की भूमिका निभाई थी। हमने एक साथ टकराव वाले दृश्य किए थे जिन्हें राही मासूम रज़ा ने खूबसूरती से लिखा था। ‘महाभारत' का एक बेहद मशहूर किरदार शकुनी था और उन्होंने इसे बहुत अच्छी तरह से निभाया था।” खन्ना के मुताबिक, पेंटल अभिनेता नहीं बनना चाहते थे जबकि उनके छोटे भाई भी इसी पेशे में थे। 

PunjabKesari

गूफी पेंटल ने अपने किरदार से किया सभी को हैरान

जब बीआर चोपड़ा ने गूफी पेंटल से पूछा कि वह शकुनी की भूमिका निभाएंगे तो वह हैरान रह गए। शकुनी गंधार के राजा थे और चौसर के खेल में माहिर थे। खन्ना ने कहा- “ वह बीआर चोपड़ा के दफ्तर में काम करते थे और ‘महाभारत' के लिए कलाकारों का चयन कर रहे थे। शकुनी मामा के किरदार को छोड़कर सभी भूमिकाओं के लिए कलाकारों का चयन कर लिया गया और वह इस बात को लेकर परेशान थे कि चोपड़ा साहब इस भूमिका के लिए किसका चयन करेंगे। जब चोपड़ा साहब ने कहा कि पेंटल को यह भूमिका निभानी चाहिए तो वह थोड़ा हैरान हुए। उन्होंने इसे चुनौती के तौर पर लिया और बहुत अच्छे से भूमिका निभाई।” 

PunjabKesari
 पंकज धीर ने भी किया पेंटल को याद

“महाभारत' में कर्ण का किरदार निभाने वाले पंकज धीर ने गूफी पेंटल को ‘बहु-प्रतिभाशाली लड़के' के तौर पर याद किया। धीर ने कहा, “ वह ‘महाभारत' के कास्टिंग निर्देशक थे और वह सहायक (निर्देशक) भी थे। मेरे ख्याल से उन्होंने ‘महाभारत' की कुछ कड़ियों का भी निर्देशन किया था। एक अभिनेता से ज्यादा एक निर्देशक के तौर पर उनका सम्मान करता हूं। बाद में उन्होंने दूरदर्शन पर चोपड़ा के लिए ‘कानून', और ‘बेटा' जैसे कुछ धारावाहिकों में मैंने भी उनके निर्देशन में काम किया। हमने ‘अकबर और बीरबल' नाम से एक धारावाहिक भी किया।” दिवंगत अभिनेता का असली नाम सरवजीत सिंह पेंटल था और वह एक गीतकार भी थे। धीर ने कहा- “ उन्हें गाने लिखना बहुत पसंद था और उन्होंने कुछ गाने रिकॉर्ड भी किए । वह कविता सुनाते थे। यह उनके शौक में से एक था और वह इसमें बहुत अच्छे थे।' खन्ना ने बताया कि गूफी पेंटल ने बी. आर . चोपड़ा के बेटे और ‘महाभारत' के सह निर्देशक रवि चोपड़ा के साथ भी बतौर सहायक काम किया था । 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Recommended News

Related News

static