कैंसर से लड़ने के बाद फिटनेस पर ध्यान दे रही पंकज भदौरिया, लंबे समय बाद लाैटी Gym
punjabkesari.in Wednesday, Oct 21, 2026 - 11:22 AM (IST)
नारी डेस्क: 'मास्टरशेफ 1' की विजेता पंकज भदौरिया, जो कैंसर का इलाज करा रही थीं अब जिम लौट आई हैं। बीमारी से लड़ने के बाद वह अपनी ताकत और फिटनेस को फिर से हासिल करना चाहती हैं।अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज़ सेक्शन में एक सकारात्मक अपडेट शेयर करते हुए, पंकज ने कहा कि वह अपने शरीर पर फिर से नियंत्रण पाने के लिए दृढ़ हैं और उन्होंने खुद के एक नए रूप का वादा किया है।

उन्होंने जिम में भुजंगासन करते हुए अपना एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा- "मैं अब जिम वापस आ गई हूं! मैं अपनी बीमारी से खुद को, अपने शरीर को वापस पाने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती और मैं ऐसा करके रहूंगी! आप और मैं बहुत जल्द 'नई' पंकज से मिलेंगे!" मई में पंकज ने बताया था कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) हुआ है। 28 मई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पंकज ने अस्पताल से अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अस्पताल के बिस्तर पर मरीज़ों वाले गाउन में लेटी हुई थीं और उनके शरीर से मेडिकल तार जुड़े हुए थे। इस पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है। मुझे आपकी प्रार्थनाओं और समर्थन की जरूरत है।"
पंकज ने अस्पताल से एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह कई मेडिकल टेस्ट करवा रही थीं। क्लिप में, वह अस्पताल के गाउन में बैठी नज़र आ रही हैं और उनके हाथ में मेडिकल कैनुला लगा हुआ है। वीडियो पर लिखा था- "टेस्ट पर टेस्ट हो रहे हैं... यह कोई अच्छी जगह नहीं है।" पंकज ने कहा- "मैं बस आप सभी के साथ यह शेयर करना चाहती थी कि मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है। चूंकि आप सभी मेरे लिए एक परिवार की तरह हैं, इसलिए मैं यह बात आपसे व्यक्तिगत रूप से साझा करना चाहती थी। इस समय, मुझे सच में आपकी प्रार्थनाओं और समर्थन की ज़रूरत है। जैसा कि कहा जाता है, प्रार्थनाएँ चमत्कार कर सकती हैं। इसलिए कृपया मुझे अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें।" पंकज 2010 में 'मास्टरशेफ इंडिया' का पहला सीज़न जीतकर मशहूर हुईं और देश की पहली 'मास्टरशेफ' विजेता बनीं।

