Pahalgam Attack: जन्मदिन से एक दिन पहले आतंकियों की गोली का शिकार बना सूरत का शैलेश
punjabkesari.in Thursday, Apr 24, 2025 - 03:25 PM (IST)

नारी डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुआ आतंकवादी हमला देश को झकझोर गया। इस भयानक हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई, जिनमें से एक थे शैलेश हिम्मतभाई कालथिया, जो गुजरात के सूरत के रहने वाले थे और मुंबई में एक बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। हमले के अगले दिन यानी बुधवार को शैलेश का जन्मदिन था, लेकिन उससे पहले ही आतंकियों की गोली ने उनकी जिंदगी छीन ली।
कौन थे शैलेश कालथिया?
शैलेश, उम्र 44 वर्ष, मूल रूप से सूरत के वराछा इलाके की चीकू वाडी की हरिकुंज सोसायटी में रहते थे। बैंक की नौकरी में ट्रांसफर के चलते वे पिछले 5 सालों से मुंबई में बस गए थे। उनके साथ यात्रा कर रहे परिवार के सदस्य—पत्नी शीतल, बेटी नीति और बेटा नक्श—सुरक्षित हैं और इस वक्त प्रशासन की देखरेख में हैं।
क्या हुआ हमले में?
हमला बेसराण इलाके में हुआ, जहां पर्यटकों का एक बड़ा समूह मौजूद था। आतंकी संगठन TRF (The Resistance Front), जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है, ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। खबरों के मुताबिक, आतंकियों ने हमला करने से पहले लोगों से नाम और धर्म पूछे, यहां तक कि कई पर्यटकों की पैंट उतरवाकर उनकी धार्मिक पहचान की पुष्टि की गई। फिर चुनिंदा पर्यटकों को निशाना बनाया गया।
ये भी पढ़ें: क्या पहलगाम हमले के बाद बंद हो जाएगा करतारपुर साहिब रूट? जानिए पूरा मामला
कितने लोग मारे गए?
महाराष्ट्र के 6 पर्यटक मारे गए
कर्नाटक और गुजरात के 3-3 पर्यटक
पश्चिम बंगाल के 2, उत्तर प्रदेश के 1
बिहार, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा और मध्य प्रदेश से 1-1
नेपाल और यूएई से 1-1 नागरिक
1 स्थानीय व्यक्ति की भी मौत हुई
एक परिवार का टूटा सपना
शैलेश के जाने से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी, बेटी और बेटे की आंखों में अब सिर्फ आंसू और सवाल हैं—आखिर एक मासूम इंसान को किस बात की सजा मिली? शैलेश के जैसे कई लोग जो अपने परिवार के साथ छुट्टी मनाने गए थे, अब वापस कभी नहीं लौटेंगे।