इस बेटी पर पूरे देश को गर्व, CBSE 10वीं बोर्ड में 500 में से 500 अंक हासिल कर किया कमाल
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 10:04 AM (IST)
नारी डेस्क: पुरी शहर की छात्रा टीना रथ ने CBSE कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल किए हैं। इस परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया था। स्कूल की संस्थापक पॉली पटनायक ने बताया कि पुरी स्थित 'मदर्स पब्लिक स्कूल' की छात्रा टीना ने इस साल फरवरी-मार्च में 'केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड' (CBSE) द्वारा आयोजित परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त किए। छह विषयों में से, छात्रा ने 'गणित (Standard)' विषय में 100 में से 99 अंक और शेष पाच विषयों में पूरे अंक (100) प्राप्त किए हैं।
कार्डियक सर्जन बनना चाहती है टीना
नियमों के अनुसार, पांच सर्वश्रेष्ठ विषयों के अंकों को ही गणना में शामिल किया जाता है। इसलिए उसने कुल 500 अंक प्राप्त किए हैं। टीना, समीर कुमार रथ और रेणु प्रभा दास की बड़ी बेटी है ये दोनों ही IT पेशेवर हैं। PTI से बात करते हुए, टीना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और माता-पिता को दिया। उसने कहा कि वह एक 'कार्डियक सर्जन' (हृदय रोग विशेषज्ञ सर्जन) बनना चाहती है, ताकि वह लोगों की कीमती जान बचा सके। टीना ने बताया कि वह हर दिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती थी।
माता- पिता को अपनी बेटी पर गर्व
टीना के पिता समीर ने कहा- "मुझे अपनी बेटी पर गर्व है। अपनी बेटी के सपने को पूरा करने के लिए, हम उसके माता-पिता के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे। हमने उसे कक्षा 12 की पढ़ाई के लिए भुवनेश्वर भेजने की योजना बनाई है। हम वह सब कुछ करेंगे, जो ज़रूरी होगा, ताकि वह NEET की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर सके।" इस बार, 24.71 लाख से ज़्यादा कैंडिडेट्स ने एग्ज़ाम दिया, जो 8,074 सेंटर्स पर हुआ था। उन्होंने बताया कि 93.70 परसेंट से ज़्यादा स्टूडेंट्स ने 10वीं क्लास का बोर्ड एग्ज़ाम पास कर लिया, जिनमें से 55,000 से ज़्यादा स्टूडेंट्स ने 95 परसेंट से ज़्यादा नंबर हासिल किए।

