काले घेरे अब नहीं! इस सब्जी का रस करेगा आंखों को फ्रेश और ग्लोइंग
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 01:11 PM (IST)

नारी डेस्क : आंखों के नीचे काले घेरे (Dark Circles) एक आम समस्या है, जो चेहरे की खूबसूरती को प्रभावित कर सकती है। डार्क सर्कल्स कई कारणों से हो सकते हैं। जैसे नींद की कमी, बढ़ती उम्र, धूप का ज्यादा असर, धूम्रपान, एलर्जी, तनाव, शरीर में पानी की कमी या त्वचा की सही देखभाल न होना। जब ये गहरे हो जाते हैं, तो लोग अक्सर पूछते हैं कि आप थके हुए क्यों दिख रहे हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ घरेलू उपाय अपनाकर डार्क सर्कल्स को हल्का किया जा सकता है।
डार्क सर्कल्स को कम करने का सबसे आसान उपाय आलू
आलू एक ऐसी सब्जी है जो न केवल खाने में स्वादिष्ट है, बल्कि त्वचा के लिए भी फायदेमंद है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूजन और पफीनेस कम करते हैं। आलू में मौजूद विटामिन सी, विटामिन बी, कॉपर और प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण आंखों के नीचे के कालेपन को हल्का करने में मदद करते हैं।
इस्तेमाल करने का तरीका
आलू को कद्दूकस कर उसका रस निकालें।
एक साफ रूई को रस में डुबोकर आंखों के चारों ओर लगाएं।
चाहें तो पूरे चेहरे पर भी लगा सकते हैं।
इसे 15-20 मिनट तक छोड़ दें, फिर ठंडे पानी से चेहरा धो लें।
हफ्ते में 2-3 बार ऐसा करने से डार्क सर्कल्स धीरे-धीरे हल्के हो सकते हैं और त्वचा हाइड्रेट रहती है।
डार्क सर्कल्स के अन्य घरेलू उपाय
गुलाबजल: रोजाना आंखों के नीचे गुलाबजल लगाने से त्वचा ठंडी रहती है और डार्क सर्कल्स हल्के होते हैं।
खीरा: अगर ड्राइनेस की वजह से डार्क सर्कल्स हैं तो खीरे के स्लाइस आंखों पर रखें या खीरे का रस लगाएं। यह त्वचा को ठंडक देता है।
दूध और शहद: दूध में शहद मिलाकर डार्क सर्कल्स पर लगाएं। इसमें मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा को पोषण देता है और काले धब्बों को हल्का करता है।
बादाम का तेल: रात को सोने से पहले आंखों के नीचे बादाम का तेल लगाएं। यह त्वचा को मॉइस्चराइज करता है और डार्क सर्कल्स को कम करता है।
हल्दी और दूध: दूध में हल्दी मिलाकर पेस्ट बनाएं और आंखों के नीचे लगाएं। हल्दी त्वचा को निखारती है और कालेपन को घटाती है।
जरूरी बातें जो ध्यान में रखें
केवल घरेलू उपाय ही काफी नहीं हैं, बल्कि कुछ आदतें भी सुधारना जरूरी है।
स्क्रब न करें: आंखों की त्वचा बहुत पतली होती है। जोर से रगड़ने या स्क्रब करने से नुकसान हो सकता है।
पर्याप्त पानी पिएं: डिहाइड्रेशन डार्क सर्कल्स को बढ़ा सकता है। दिनभर में 7-8 गिलास पानी जरूर पिएं।
संतुलित आहार लें: आहार में विटामिन सी, विटामिन के और आयरन शामिल करें। इनकी कमी से डार्क सर्कल्स गहरे हो सकते हैं।
अच्छी नींद लें: रोजाना 7-8 घंटे की नींद लें ताकि आंखों को पूरा आराम मिल सके।
सनस्क्रीन लगाएं: बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन लगाना न भूलें। इससे धूप का असर कम होता है और डार्क सर्कल्स बढ़ने से बचते हैं।
डार्क सर्कल्स एक आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या है। सही नींद, संतुलित आहार और नियमित घरेलू उपाय अपनाकर इन्हें काफी हद तक कम किया जा सकता है। आलू का रस, गुलाबजल, खीरा और बादाम का तेल जैसे आसान उपाय अपनाकर आप आंखों के नीचे की त्वचा को फिर से ताजगी और चमक दे सकते हैं।