कैसे जीती हैं नीता अंबानी अपनी ज़िंदगी? जानिए उनके लाइफस्टाइल, फिटनेस रूटीन और हेल्थ सीक्रेट्स
punjabkesari.in Saturday, Aug 23, 2025 - 11:54 AM (IST)

नारी डेस्क: देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी सिर्फ अपनी सामाजिक सेवाओं और प्रोफेशनल उपलब्धियों के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी शानदार फिटनेस और संतुलित जीवनशैली के लिए भी जानी जाती हैं। 60 की उम्र पार करने के बाद भी नीता अंबानी की एनर्जी, चमकती त्वचा और पॉजिटिव सोच लाखों महिलाओं को प्रेरणा देती है।
फिटनेस का राज – योग, डांस और अनुशासन
नीता अंबानी का मानना है कि फिटनेस सिर्फ शरीर को नहीं, मन को भी मजबूत बनाती है। उन्होंने बचपन से ही भरतनाट्यम सीखा और आज भी अपनी व्यस्त दिनचर्या में से हर दिन कुछ समय डांस के लिए निकालती हैं। उनकी दिन की शुरुआत सुबह जल्दी उठने से होती है। फिर वे लगभग 40 मिनट एक्सरसाइज करती हैं। कभी योग, कभी कार्डियो, तो कभी स्विमिंग हर दिन कुछ नया ट्राई करना उन्हें अच्छा लगता है। नीता का कहना है कि वर्कआउट से न केवल शरीर फिट रहता है, बल्कि मन भी शांत और सकारात्मक बना रहता है।
डाइट प्लान – सादगी में स्वास्थ्य
नीता अंबानी शाकाहारी हैं और उनका खाना बहुत ही साधारण लेकिन संतुलित होता है। ब्रेकफास्ट में वे ड्राई फ्रूट्स, अंडा (कभी-कभी), आमलेट और ग्रीन टी या फ्रेश जूस लेती हैं। लंच में वे हल्का-फुल्का, घर का बना खाना पसंद करती हैं, जिसमें ज्यादातर सीजनल सब्जियां, सूप और ग्रीन वेजिटेबल्स होती हैं। शाम को फ्रूट्स और हेल्दी स्नैक्स लेना पसंद करती हैं। डिनर में नीता और मुकेश अंबानी सिंपल गुजराती खाना जैसे दाल-रोटी खाते हैं। वे पूरे दिन हाइड्रेटेड रहने के लिए हमेशा अपने पास पानी की बोतल रखती हैं और हेल्दी आदतों को फॉलो करती हैं।
फिटनेस के साथ मानसिक शांति भी जरूरी
नीता अंबानी मानती हैं कि एक्सरसाइज सिर्फ शरीर को फिट रखने के लिए नहीं, बल्कि मानसिक शांति और पॉजिटिव एनर्जी के लिए भी बेहद जरूरी है। वर्कआउट से एंडोर्फिन नामक हार्मोन रिलीज होता है, जो तनाव को कम करता है और व्यक्ति को दिनभर एनर्जेटिक बनाता है। उनका मानना है कि यह केवल "फिट दिखने" की बात नहीं है, बल्कि बच्चों और नाती-पोतों के साथ एक्टिव रहने के लिए खुद को फिट रखना भी उतना ही जरूरी है।
महिलाओं के लिए नीता अंबानी का संदेश
एक हालिया इवेंट में नीता अंबानी ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि 30 की उम्र के बाद हर दशक में महिलाओं की 3 से 8 प्रतिशत मसल्स मास कम होने लगती है, जो उम्र बढ़ने के साथ और तेज हो जाता है।
उनका कहना है.."यह उम्र से लड़ने की बात नहीं, उसे अपनाने की बात है। अगर मैं 61 की उम्र में भी एक्टिव और फिट रह सकती हूं, तो आप भी कर सकती हैं।"
नीता अंबानी की जिंदगी इस बात का उदाहरण है कि अनुशासित दिनचर्या, स्वस्थ खानपान, और आत्म-प्रेरणा से कोई भी महिला न केवल उम्र को मात दे सकती है, बल्कि समाज में एक प्रेरणा बन सकती है। वे आज की महिलाओं को यह सिखाती हैं कि खुद की देखभाल कोई विलासिता नहीं, बल्कि ज़रूरत है।