6 दिन की ब्रेक के बाद शुरू हुई वैष्णो देवी यात्रा, श्रद्धालुओं ने ली राहत

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 06:09 PM (IST)

नारी डेस्क:  खराब मौसम की वजह से लगभग एक हफ़्ते तक बंद रहने के बाद, शनिवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी ज़िले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी की यात्रा आंशिक रूप से फिर से शुरू हो गई, जिससे हज़ारों इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को राहत और खुशी मिली। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के बावजूद, श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम करने के बाद श्रद्धालुओं को पारंपरिक रास्ते से यात्रा करने की अनुमति दी। इन इंतजामों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका वाली जगहों पर कर्मचारियों की तैनाती भी शामिल थी।

PunjabKesari
हालांकि, लगातार बारिश के कारण पत्थर गिरने (शूटिंग स्टोन्स) का खतरा बना हुआ था, इसलिए नया रास्ता बंद रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर और बैटरी कार सेवाएं भी बंद रखी गईं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और बाकी सुविधाओं को फिर से खोलने के बारे में सुरक्षा के आकलन के आधार पर आगे फ़ैसले लिए जाएंगे। श्रद्धालुओं ने यात्रा के फिर से शुरू होने का उत्साह के साथ स्वागत किया। इनमें से कई श्रद्धालु पवित्र मंदिर में दर्शन करने के लिए कटरा बेस कैंप में कई दिनों से इंतज़ार कर रहे थे।

PunjabKesari
पंजाब के एक श्रद्धालु ने कहा- "हम यात्रा के फिर से शुरू होने की प्रार्थना कर रहे थे। बारिश के बावजूद, हम खुश हैं कि आख़िरकार हम अपनी यात्रा शुरू कर पा रहे हैं। माता रानी ने हमें बुलाया है।" उन्होंने उचित इंतज़ाम करने के बाद ही रास्ता खोलने के लिए श्राइन बोर्ड और प्रशासन की तारीफ़ की। हरियाणा के रहने वाले शिव कुमार ने इस फ़ैसले पर खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि वह अपने परिवार के साथ 19 जुलाई को कटरा पहुंचे थे, जब उन्हें पता चला कि भारी बारिश के कारण यात्रा रोक दी गई है। उन्होंने कहा- "यात्रा रुकने से हम निराश थे, लेकिन आज इसके फिर से शुरू होने से हम उम्मीद और उत्साह से भर गए हैं। हम पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर तक पैदल जाने के लिए तैयार हैं।" अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सलाहों का पालन करें, सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करें और मौसम से जुड़ी घोषणाओं के बारे में जानकारी लेते रहें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News

static