नवरात्रि दौरान किस देवी को लगाएं कौन सा भोग? जानिए यहां

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 04:29 PM (IST)

देशभर में नवरात्रि आने का बेसब्री से इंतजार रहता है। वैसे तो सालभर में 4 बार नवरात्रि का त्योहार आता है। मगर चैत्र और शारदीय नवरात्रि को बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दौरान पूरे नौ दिनों तक देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा होती है। मान्यता है कि देवी में के इन रूपों को अलग-अलग भोग लगाने से माता रानी का आशीर्वाद मिलता है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...

9 दिन लगेगा देवी मां के नौ स्वरूपों को अलग-अलग भोग

नवरात्रि के पावन दिनों में देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा होती है। मान्यता है कि इस दौरान देवी मां की कृपा पाने के लिए उन्हें अलग-अलग चीजों का भोग लगाना चाहिए। इससे माता रानी की असीम कृपा मिलती है और घर में अन्न व धन की बरकत बनी रहती है।

पहला नवरात्रा- मां शैलपुत्री

नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा होती है। इस दिन देवी मां को गाय के घी के तैयार या किसी सफेद चीज का भोग लगाएं। मान्यता है कि इससे रोगों से छुटकारा मिलता है। हर तरह की बीमारी से बचाव रहता है।

PunjabKesari

दूसरा नवरात्रा- मां ब्रह्मचारिणी

दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। इस दिन आप देवी दुर्गा के ब्रह्मचारिणी रूप को शक्कर और पंचामृत का भोग लगाएं। माना जाता है कि इससे देवी मां दीर्घायु होने का आशीर्वाद देती है।

तीसरा नवरात्रा- मां चंद्रघंटा

नवरात्रि के तीसरे दिन दुर्गा माता के चंद्रघंटा स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन देवी मां की असीम कृपा पाने के लिए उन्हें खीर या दूध से बनी किसी मिठाई का भोग लगाएं।

चौथा नवरात्रा- मां कुष्मांडा

नवरात्रि का चौथा दिन देवी दुर्गा के कुष्मांडा रूप को समर्पित है। इस दिन माता का आशीर्वाद पाने के लिए उन्हें मालपुए का भोग लगाएं। इसके बाद यह प्रसाद ब्राह्मण को दान करें। बाद में खुद भी खाएं। मान्यता है कि इससे बुद्धि का विकास होता है और निर्णय क्षमता बढ़ती है।

PunjabKesari

पांचवां नवरात्रा- मां स्कंदमाता

नवरात्रि के पांचवे दिन मां स्कंदमाता की पूजा होती है। इस दिन देवी मां को केला चढ़ाना शुभ माना जाता है।

छठा नवरात्रा- मां कात्यायनी

छठा नवरात्रा मां कात्यायनी को समर्पित होता है। इस दिन देवी मां को मधु यानि शहद का भोग लगाने से शुभफल की प्राप्ति होती है।

PunjabKesari

सातवां नवरात्रा- मां कालरात्रि

नवरात्रि के सातवे दिन मां कालरात्रि की पूजा करने का महत्व है। इस दिन देवी मां को गुड़ या उससे बनी मिठाइयों का भोग लगाना चाहिए। कहा जाता है कि इससे जीवन में आने वाले संकटों से मां रक्षा करती है।

आठवां नवरात्रा- मां महागौरी

नवरात्रि का आठवां दिन देवी दुर्गा के मां महागौरी स्वरूप को समर्पित होता है। ऐसे में आप मां महागौरी की कृपा पाने के लिए उन्हें नारियल या इससे तैयार मिठाई का भोग लगाएं।

PunjabKesari

नौवां नवरात्रा- मां सिद्धिदात्री

नवरात्रि का नौवां दिन मां सिद्धिदात्री को समर्पित होता है। इसमें देवी मां को चने, हलवा, पूरी का भोग लगाया जाता है। उसके बाद इस दिन घर पर कन्या पूजन करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इससे देवी मां की असीम कृपा मिलती है। इससे घर में सुख-समृद्धि व खुशहाली का वास होता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

neetu

Recommended News

Related News

static