समंदर किनारे मिला रहस्यमय गिफ्ट बॉक्स, उछलकर उठा ले आया शख्स, खोलते ही हुआ डरावना खुलासा
punjabkesari.in Sunday, Jul 13, 2025 - 05:02 PM (IST)

नारी डेस्क : अमेरिका के टैकोमा शहर में एक शख्स को समुद्र के किनारे एक अजीबोगरीब गिफ्ट बॉक्स मिला, जिसे खोलते ही उसकी हिम्मत ही जवाब दे गई। यह घटना 15 जून को फादर्स डे के दिन हुई, जब केविन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ डैश पॉइंट स्टेट पार्क के बीच पर घूमने गए थे। बच्चों के लिए पंखों की खोज जैसी मजेदार एक्टिविटी सोचकर वे समुद्र किनारे निकले थे, लेकिन वहां जो उन्हें मिला, उसने सबको चौंका दिया।
क्या था गिफ्ट बॉक्स में?
केविन ने बीच पर चलते हुए एक पुरानी और सुंदर हरे कपड़े में लिपटी हुई पाइन वुड की छोटी सी डिब्बी देखी, जिसे पीली रस्सी से बांधा गया था। शुरू में उन्होंने सोचा कि यह कोई भूला हुआ क्रिसमस या फादर्स डे का तोहफा हो सकता है। लेकिन जब उन्होंने डिब्बा खोला, तो अंदर जो दृश्य था, उसने उन्हें हक्का-बक्का कर दिया। उस डिब्बे के अंदर एक कटे हुए इंसानी पैर का अंगूठा था।
कैसे हुआ खुलासा?
केविन ने अंगूठे को देखकर चौंक कर उसे नीचे फेंक दिया और खुद को संभालने की कोशिश की। पास ही एक मृत सीगल चिड़िया भी मिली, जिससे माहौल और भी रहस्यमय हो गया। उन्होंने तुरंत उस डिब्बे की तस्वीरें खींचकर स्थानीय समाचार एजेंसी को भेजीं और पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस ने अब उस अंगूठे की डीएनए जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसका अंगूठा है और उसके पीछे क्या कहानी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: राधिका यादव की बेस्ट फ्रेंड हिमांशिका सिंह की नई पोस्ट, कहा- मुझसे और मेरे परिवार से संपर्क न करें
केविन ने क्या कहा?
केविन ने बताया कि जिस तरह से अंगूठा कट हुआ था, उससे साफ लग रहा था कि यह किसी सर्जन ने नहीं काटा था, बल्कि बहुत ही डरावना और असामान्य था। यह देखकर उनकी और उनके परिवार की सामान्य छुट्टी एक रहस्यमय घटना में बदल गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ पहले कभी नहीं देखा था और इस अनुभव से वे अभी भी स्तब्ध हैं।
घटना का रहस्य अभी खुलना बाकी
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह गिफ्ट बॉक्स किन परिस्थितियों में समंदर में तैर रहा था और इसमें इंसानी अंगूठा कैसे आया। पुलिस जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस रहस्यमय घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
यह घटना हमें यह याद दिलाती है कि कभी-कभी साधारण सी जगहों पर भी अनजान और डरावनी चीजें मिल सकती हैं, जो हमारी सोच से परे होती हैं। केविन और उनके परिवार की छुट्टी कुछ इस तरह यादगार और रहस्यमय बन गई, जिसकी कहानी आने वाले दिनों में और खुलकर सामने आ सकती है।