नवरात्रि के सातवें दिन घर बैठे करें कात्यायनी मंदिर के दर्शन, पूरी होगी हर मनोकामना
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 09:44 AM (IST)

नारी डेस्क: दिल्ली के छतरपुर में श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ मंदिर में नवरात्रि के सातवें दिन आरती की गई। सोमवार की सुबह शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आरती समारोह हुआ, जिसमें देवी की पूजा करने के लिए भक्तों की एक बड़ी भीड़ उमड़ी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देवी मां का आह्वान करते हुए उनके चरणों में हार्दिक प्रणाम किया राष्ट्र के लिए ईश्वरीय आशीर्वाद मांगा।
#WATCH दिल्ली: शारदीय नवरात्रि 2025 के सातवें दिन छतरपुर मंदिर में सुबह की पूजा के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। pic.twitter.com/PjcIx2CZCJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 29, 2025
आध्यात्मिक उत्साह और सामूहिक सद्भावना से ओतप्रोत एक संदेश में, प्रधानमंत्री ने सभी नागरिकों के कल्याण, साहस और आंतरिक शक्ति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अपने पोस्ट पर लिखा- "देवी मां के चरणों में प्रणाम! मैं उनसे प्रार्थना करता हूं कि वे सभी को अदम्य साहस और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। उनकी कृपा सभी के जीवन में आत्म-शक्ति का संचार करे," ।
छतरपुर (दिल्ली) स्थित श्री आद्या कात्यायनी शक्तिपीठ मंदिर देश के प्रमुख देवी मंदिरों में से एक है। यह मंदिर मां कात्यायनी (नवरात्रि की छठी देवी) को समर्पित है और यहां हर दिन हजारों भक्त दर्शन करने आते हैं। यह भारत का दूसरा सबसे बड़ा मंदिर परिसर माना जाता है। इसका क्षेत्रफल कई एकड़ में फैला हुआ है और यहां विशाल मूर्तियां व सुंदर कलाकृति देखने को मिलती है। यहां मां आद्या कात्यायनी की दिव्य प्रतिमा विराजमान है। देवी को शक्ति, साहस और विजय की देवी माना जाता है।
नवरात्रि के दौरान यहां लाखों भक्त दर्शन के लिए आते हैं। इस समय मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाता है और बड़े स्तर पर आयोजन होते हैं। मुख्य शक्तिपीठ के अलावा परिसर में भगवान शिव, श्रीराम, श्रीकृष्ण और हनुमान जी के मंदिर भी बने हुए हैं। माना जाता है कि यहां मां कात्यायनी की पूजा करने से विवाह, संतान और जीवन की अन्य बाधाओं का निवारण होता है। खासतौर पर अविवाहित कन्याएं विवाह-सुख की प्राप्ति के लिए यहां दर्शन और व्रत करती हैं।