मानसून में गर्भवती महिलाओं के लिए खास हेल्थ टिप्स: बरसात के मौसम में रखें खुद का विशेष ख्याल
punjabkesari.in Monday, Jun 23, 2025 - 03:16 PM (IST)

नारी डेस्क: देश में मानसून का मौसम आ चुका है। बारिश के साथ ही कई बीमारियां और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को इस मौसम में अपनी सेहत का ज्यादा ध्यान रखना जरूरी होता है, क्योंकि इससे मां और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनों की सेहत प्रभावित हो सकती है। आइए जानते हैं, डॉक्टर की सलाह के अनुसार बरसात के मौसम में गर्भवती महिलाओं को क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए।
डॉक्टर कोमल मेट्टुपल्ली की सलाह
हैदराबाद के श्री श्री होलिस्टिक हॉस्पिटल्स की गायनोकॉलोजिस्ट डॉक्टर कोमल मेट्टुपल्ली बताती हैं कि मानसून में संक्रमण का खतरा दोगुना हो जाता है। इसलिए गर्भवती महिलाओं को खुद का और अपने होने वाले बच्चे का खास ध्यान रखना चाहिए।
घर को रखें साफ-सुथरा
बारिश के मौसम में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से फैलते हैं। इसलिए घर की सफाई का खास ध्यान रखें। बाथरूम और फर्श को एंटीबैक्टीरियल सोप या लिक्विड क्लीनर से रोजाना साफ करें। घर में नमी और फफूंदी नहीं बनने दें। नीम के पत्तों का धुआं करने से भी घर का वातावरण शुद्ध रहता है।
बारिश में भीगने से बचें
गर्भवती महिलाओं को बारिश में भीगने से बचना चाहिए। ठंड लगने से संक्रमण और फ्लू होने का खतरा बढ़ जाता है, जो मां और बच्चे दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
ये भी पढ़ें: मानसून हेल्थ टिप्स: बारिश के मौसम में कैसी होनी चाहिए डाइट?
स्वस्थ और ताजा खाना खाएं
बारिश में खराब भोजन से संक्रमण का खतरा रहता है। इसलिए घर का ताजा बना खाना ही खाएं। पैक्ड और जंक फूड से बचें। साथ ही, पानी और ताजा जूस खूब पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
मच्छरों से बचाव करें
मानसून में मच्छर ज्यादा होते हैं जो मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियां फैला सकते हैं। घर के दरवाजे-खिड़कियां सुबह और शाम बंद रखें। मच्छरदानी और रिपेलेंट का भी इस्तेमाल करें।
हाथों की साफ-सफाई करें
संक्रमण से बचने के लिए हाथों को बार-बार साबुन से धोएं या हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। खासकर खाना खाने से पहले और बाद में हाथ साफ रखना जरूरी है। इस मौसम में जलभराव वाले इलाकों में फंसने का खतरा रहता है। इसलिए अनावश्यक बाहर जाने या जोखिम भरे क्षेत्रों में यात्रा करने से बचें।
बरसात का मौसम खुशियों का मौसम है, लेकिन साथ ही कई बीमारियों का खतरा भी लेकर आता है। गर्भवती महिलाओं को चाहिए कि वे इन सावधानियों को अपनाकर खुद और अपने बच्चे की सेहत को सुरक्षित रखें। डॉक्टर की सलाह मानकर सही खानपान, सफाई और हाइजीन का ध्यान रखें ताकि यह मानसून स्वस्थ और खुशहाल गुजरे।