एक झटके में छू गया सोना आसमान, जानें आज का ताज़ा रेट
punjabkesari.in Sunday, Apr 13, 2025 - 05:17 PM (IST)

नारी डेस्क: दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में ऐसा उछाल आया कि लोग हैरान रह गए। महज एक दिन में सोने की कीमत में 6,250 रुपये प्रति 10 ग्राम का जोरदार बढ़ोतरी हुई और सोना 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। यह उछाल खासतौर पर घरेलू मांग के अलावा अन्य वैश्विक कारणों से भी हुआ है।
एक दिन में इतना बढ़ा सोने का दाम
विशेषज्ञों के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाले सोने की कीमत 96,450 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। इससे पहले बुधवार को सोने की कीमत 90,200 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, यानी एक ही दिन में इसमें 6,250 रुपये का उछाल आया। इसी तरह, 99.5% शुद्धता वाला सोना 89,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
क्या है कारण जो बढ़ा रहे हैं कीमतें?
विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में यह तेजी सिर्फ घरेलू मांग की वजह से नहीं है। अमेरिका और चीन के बीच फिर से छिड़े ट्रेड वॉर ने भी निवेशकों को सोने की ओर खींच लिया है। जब भी वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक सोने को एक सुरक्षित विकल्प मानते हैं। यही कारण है कि न केवल घरेलू बाजार, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतें उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। हाजिर सोना 3,237.39 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में यह थोड़ा गिरकर 3,222.04 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। एशियाई बाजार में कॉमेक्स वायदा सोना 3,249.16 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।
ये भी पढ़े: अब सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी पेट्रोल बाइक और CNG ऑटो, सरकार ने जारी किऐ नये नियम
अमेरिका-चीन के बीच बढ़ता व्यापार युद्ध
अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध एक और बड़ा कारण है, जो सोने की कीमतों को प्रभावित कर रहा है। हाल ही में ट्रंप प्रशासन ने चीन से आने वाले कई उत्पादों पर 145% तक आयात शुल्क लगा दिया था। इसके जवाब में चीन ने भी 125% तक शुल्क लगा दिया। इस व्यापार युद्ध से वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता बढ़ गई है, जिससे निवेशकों का भरोसा डोलने लगा है। ऐसे में निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश मानकर उसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं।
सोने की बढ़ती कीमतों का असर
जब सोने की कीमतें इतनी तेजी से बढ़ती हैं, तो इसका असर न सिर्फ निवेशकों पर, बल्कि आम लोगों पर भी पड़ता है। शादी-समारोहों, त्योहारी सीजन और अन्य अवसरों पर सोने की मांग बढ़ने से बाजार में सोने की कीमतों में और भी उछाल देखा जा सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आर्थिक अस्थिरता और अमेरिका-चीन के बीच व्यापार युद्ध के कारण सोने की कीमतों में भारी उछाल आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह स्थिति बनी रही, तो सोने की कीमतें और भी बढ़ सकती हैं। इसलिए, निवेशकों को अपनी रणनीति पर ध्यान देना जरूरी है और सोने में निवेश करने से पहले इस अस्थिरता को ध्यान में रखना होगा।