बिना सांचे के ऐसे बनाएं मोदक का परफेक्ट शेप काम आएंगे ये आसान Tips

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 04:33 PM (IST)

 नारी डेस्क: गणेश चतुर्थी पर बप्पा को मोदक का भोग लगाने की खास परंपरा है। यही वजह है कि इस मौके पर ज्यादातर घरों में मोदक जरूर बनाए जाते हैं। हालांकि, घर पर मोदक बनाते समय सबसे ज्यादा परेशानी इसके सही शेप को लेकर होती है। खासकर तब, जब आपके पास मोदक बनाने का सांचा न हो। लेकिन इसके लिए आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। थोड़ी सी प्रैक्टिस और कुछ आसान किचन ट्रिक्स की मदद से आप बिना सांचे के भी हाथों से सुंदर और परफेक्ट शेप वाले मोदक बना सकती हैं। आजकल गणेश चतुर्थी की तैयारियां जोरों पर हैं। कहीं बप्पा के स्वागत की तैयारी चल रही है तो कहीं उनके भोग के लिए अलग-अलग पकवान बनाए जा रहे हैं। अगर इस बार आप भी घर पर मोदक बनाने का सोच रही हैं, लेकिन सांचा नहीं है, तो ये आसान तरीके आपके काफी काम आएंगे।

सबसे पहले आटा या मिश्रण की कंसिस्टेंसी सही रखें

मोदक को अच्छा आकार देने के लिए सबसे जरूरी है कि उसका आटा या मिश्रण सही हो। अगर आटा बहुत ज्यादा सूखा होगा तो मोदक बनाते समय उसमें दरारें पड़ सकती हैं और उसे शेप देना मुश्किल हो जाएगा। दूसरी तरफ, अगर मिश्रण बहुत ज्यादा नरम है तो मोदक अपना आकार नहीं पकड़ पाएगा। इसलिए आटे को इतना नरम रखें कि वह आसानी से दब जाए और हाथों से शेप देते समय टूटे नहीं। इसी तरह अगर आप खोए वाले मोदक बना रही हैं तो मिश्रण की कंसिस्टेंसी ऐसी रखें कि उसे आसानी से हाथों में दबाकर आकार दिया जा सके।

PunjabKesari

हाथों से बनाएं छोटी कटोरी

बिना सांचे के मोदक बनाने के लिए सबसे पहले आटे या मिश्रण की एक छोटी सी लोई लें। इसे हथेली पर रखें और अंगूठे की मदद से बीच से धीरे-धीरे दबाएं। अब इसे घुमाते हुए हल्का फैलाएं, ताकि यह छोटी कटोरी जैसी शेप लेने लगे। इस दौरान किनारों को थोड़ा पतला रखें। बहुत मोटे किनारे होने पर मोदक अच्छी तरह पक नहीं पाएगा और खाने में भी उतना अच्छा नहीं लगेगा। कटोरी का आकार बनने के बाद इसमें तैयार की हुई फिलिंग भरें।

उंगलियों से बनाएं छोटी-छोटी प्लीट्स

अब बारी आती है मोदक को उसकी खास पहचान देने की। इसके लिए कटोरी के किनारे पर उंगलियों की मदद से छोटी-छोटी प्लीट्स बनाएं। किनारे के एक हिस्से को हल्का सा उठाएं और अंगूठे और उंगली से दबा दें। इसके बाद इसी तरह आगे बढ़ते हुए पूरे किनारे पर प्लीट्स बना लें। कोशिश करें कि सभी प्लीट्स लगभग एक जैसी हों। इससे मोदक ज्यादा साफ और सुंदर दिखाई देगा। सारी प्लीट्स बनने के बाद उन्हें धीरे-धीरे ऊपर की तरफ लाएं और मोदक को बंद कर दें।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  गणेश चतुर्थी पर बप्पा को जरूर लगाएं इन चीजों का भोग, बेहद प्रिय हैं ये चीजें

चम्मच या टूथपिक भी आएगी काम

अगर आपको उंगलियों से मोदक की डिजाइन बनाने में परेशानी हो रही है तो चम्मच या टूथपिक की मदद ले सकती हैं। प्लीट्स तैयार करने के बाद टूथपिक या चम्मच के किनारे से हल्की-हल्की लाइन बनाई जा सकती है। इससे मोदक पर साफ डिजाइन आ जाएगी। ऊपर का नुकीला हिस्सा बनाने के लिए सभी प्लीट्स को एक जगह इकट्ठा करें और ऊपर से हल्का दबाते हुए उंगलियों से नुकीला शेप दें। यही हिस्सा मोदक को उसका पारंपरिक लुक देता है।

PunjabKesari

स्टीम करते समय इन बातों का रखें ध्यान

मोदक तैयार हो जाने के बाद उन्हें स्टीमर में रखते समय एक-दूसरे से थोड़ी दूरी जरूर रखें। इससे भाप हर मोदक तक अच्छी तरह पहुंचेगी और वे आपस में चिपकेंगे भी नहीं। मोदक को शेप देने के बाद उन्हें बहुत देर तक खुला न छोड़ें। ऐसा करने से उनकी ऊपरी परत सूख सकती है और स्टीम करने के दौरान उसमें दरारें आने का डर रहता है।

अगर आप स्टीम किए हुए मोदक नहीं बनाना चाहतीं तो फ्राइड या बिना स्टीम वाले मोदक भी बना सकती हैं। बस ध्यान रखें कि जिस तरीके से भी मोदक बनाएं, मिश्रण की कंसिस्टेंसी और शेपिंग पर खास ध्यान दें। तो इस गणेश चतुर्थी अगर घर में मोदक बनाने का मन है और सांचा नहीं है, तो इन आसान ट्रिक्स की मदद से हाथों से ही सुंदर मोदक तैयार कर सकती हैं। भोग के लिए बनाए गए घर के ताजे मोदक से बप्पा का स्वागत भी खास अंदाज में किया जा सकता है।
 
 
 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static