पसीना, चक्कर, घबराहट... Low Sugar होने पर शरीर देता है ये Warning Signal
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 07:39 PM (IST)
डाइबिटीज मरीजों को सिर्फ शुगर लेवल बढ़ने का ही नहीं, बल्कि शुगर लेवल कम होने का भी खतरा बना रहता है। जब शरीर में ब्लड शुगर अचानक कम हो जाता है, तो इसे Hypoglycemia कहा जाता है। यह स्थिति खासकर डायबिटीज के मरीजों में ज्यादा देखी जाती है, लेकिन कभी-कभी सामान्य लोगों में भी हो सकती है। लो शुगर के चेतावनी संकेत जल्दी पहचानना बेहद जरूरी है। अगर आप इन लक्षणों को समझकर तुरंत कार्रवाई करते हैं, तो बड़ी समस्या से बच सकते हैं।
लो शुगर के मुख्य लक्षण
अगर आपके शरीर में शुगर कम हो रही है, तो ये संकेत दिखाई दे सकते हैं—
अचानक पसीना आना: बिना किसी मेहनत के ज्यादा पसीना आना लो शुगर का पहला संकेत हो सकता है।
चक्कर और कमजोरी: सिर हल्का लगना, खड़े होने में दिक्कत या अचानक कमजोरी महसूस होना।
दिल की धड़कन तेज होना: हार्टबीट अचानक तेज या अनियमित हो सकती है।
कंफ्यूजन या ध्यान न लगना: सोचने में दिक्कत, चिड़चिड़ापन या घबराहट होना।
हाथ कांपना: हाथों में कंपकंपी या शरीर का हिलना।
बहुत ज्यादा भूख लगना: अचानक तेज भूख लगना भी एक संकेत है।
शुगर लो होते ही तुरंत क्या करें?
तुरंत 1-2 चम्मच चीनी खाएं, ग्लूकोज टैबलेट लें, मीठा जूस या फिर कैंडी लें इससे शुगर लेवल जल्दी बढ़ता है। 15 मिनट बाद दोबारा चेक करें अगर लक्षण ठीक नहीं होते, तो फिर से मीठा लें। उसके बाद कुछ ठोस खाएं जैसे ब्रेड, बिस्किट, फल इससे शुगर लेवल स्थिर रहता है।
जब तक शरीर सामान्य न लगे, तब तक आराम करें।
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
अगर बार-बार शुगर लो की समस्या हो रही है, बेहोशी या बोलने में दिक्कत हो रही है तो देरी ना करते हुए तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। याद रखें तुरंत मीठा ही लो शुगर की सबसे बड़ी दवा है। लो शुगर एक गंभीर स्थिति है, लेकिन सही समय पर लक्षण पहचानकर तुरंत कार्रवाई की जाए तो इसे आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए अपने शरीर के संकेतों को समझें और कभी भी इन्हें नजरअंदाज न करें।

