शुक्रवार की शाम इन 5 जगहों पर जलाएं आटे का दीपक, दौड़ी चली आएंगी धन की देवी मां लक्ष्मी

punjabkesari.in Friday, May 23, 2025 - 12:10 PM (IST)

नारी डेस्क: हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन धन की देवी माता लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है। इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा करना बहुत शुभ और फलदायी होता है। शास्त्रों में बताया गया है कि शुक्रवार के दिन आटे से बना दीपक जलाने का भी खास महत्व है। मान्यता है कि अगर इसे घर के कुछ खास जगहों पर जलाया जाए, तो इससे जीवन के कई दुख दूर हो सकते हैं और मां लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है।

तुलसी के पास जलाएं आटे का दीपक

शुक्रवार की शाम को आटे का दीपक तुलसी के पौधे के पास जलाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि तुलसी में मां लक्ष्मी का वास होता है। जब कोई व्यक्ति आटे का दीपक तुलसी के पास जलाता है, तो मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु दोनों की कृपा उस पर बनी रहती है। इस उपाय से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

घर की छत पर दीपक जलाने से पूरी होती हैं मनोकामनाएं

शुक्रवार की शाम आप अपने घर की छत पर भी एक आटे का दीपक जलाकर रख सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि इससे घर की परेशानियां दूर होती हैं, और परिवार में आपसी प्यार बढ़ता है। हर शुक्रवार को यह उपाय करने से घर का वातावरण भी अच्छा रहता है और नकारात्मक ऊर्जा का असर नहीं होता।

PunjabKesari

मां लक्ष्मी के सामने दीपक जलाएं, मिलेगी आर्थिक राहत

अगर आप धन की कमी से परेशान हैं तो शुक्रवार को मां लक्ष्मी की पूजा करते समय उनके सामने आटे से बना दीपक जरूर जलाएं। इससे घर में धन-दौलत बढ़ती है और पैसों की समस्या दूर हो सकती है। इस उपाय को श्रद्धा से करने से जीवन में तरक्की के रास्ते खुलने लगते हैं और सौभाग्य बढ़ता है।

ये भी पढ़े: Vat Savitri Vrat 2025: वट वृक्ष की पूजा क्यों करती हैं सुहागिनें? जानिए वट सावित्री व्रत का महत्व

मुख्य दरवाजे पर दीपक जलाएं, बढ़ेगी पॉजिटिविटी

ज्योतिष के अनुसार, शुक्रवार की शाम को मुख्य दरवाजे पर आटे का दीपक जलाना भी बहुत शुभ होता है। इससे घर से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मकता का संचार होता है। मान्यता है कि ऐसा करने से मां लक्ष्मी का घर में वास होता है और परिवार का स्वास्थ्य अच्छा रहता है।

PunjabKesari

सुनसान जगह या जलाशय के पास जलाएं दीपक, मिटेगा गृह क्लेश

अगर आपके घर में अक्सर झगड़े होते हैं, तो यह नकारात्मक ऊर्जा का संकेत हो सकता है। ऐसे में शुक्रवार को एक आटे का दीपक किसी सुनसान स्थान या नदी-तालाब के पास जलाना लाभदायक होता है। यह उपाय घर के क्लेश को शांत करता है और मां लक्ष्मी की कृपा बनाए रखता है।

शुक्रवार के दिन आटे का दीपक जलाना एक सरल लेकिन बहुत प्रभावशाली उपाय माना गया है। इसे सही स्थान पर जलाने से घर में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। अगर आप इन उपायों को श्रद्धा और नियमपूर्वक करें, तो मां लक्ष्मी की कृपा से जीवन में खुशहाली जरूर आएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static