कुट्टू का आटा बना जहर! इस शहर में 9 लोग बीमार, एक की हालत गंभीर
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 03:27 PM (IST)
नारी डेस्क : नवरात्रि के व्रत में ज्यादातर लोग सिंघाड़े या कुट्टू के आटे से बनी रोटी, पूड़ी या पकौड़े खाना पसंद करते हैं, क्योंकि इसे सात्विक और अनाज रहित भोजन माना जाता है। लेकिन इन दिनों कुट्टू के आटे में मिलावट की खबरें चिंता बढ़ा रही हैं। इसी बीच Baghpat से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुट्टू के आटे से बना फलाहार लोगों के लिए मुसीबत बन गया। इस आटे से बनी पूड़ी और रोटी खाने के बाद एडीएम न्यायिक Shiv Narayan समेत करीब 9 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
खाने के कुछ घंटों बाद दिखे खतरनाक लक्षण
बताया जा रहा है कि सभी लोगों ने अलग-अलग जगहों पर व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बना भोजन खाया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद चक्कर आना, उल्टी होना और शरीर में कंपकंपी जैसे लक्षण सामने आने लगे। स्थिति बिगड़ने पर सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एक ही परिवार के 6 लोग भी हुए बीमार
इस घटना का असर केवल एक-दो लोगों तक सीमित नहीं रहा। बागपत के मलकपुर गांव में एक ही परिवार के 6 लोग भी इसी तरह बीमार पड़ गए। इसके अलावा जिला अस्पताल का एक सिक्योरिटी गार्ड और अन्य लोग भी इस घटना की चपेट में आए हैं।
यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं
एक मरीज की हालत गंभीर, दिल्ली किया गया रेफर
सभी मरीजों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हालांकि, एक मरीज की हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल बाकी मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जांच में जुटी प्रशासनिक टीम
घटना के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। कुट्टू के आटे के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर इस घटना के पीछे मिलावट या खराब क्वालिटी का आटा जिम्मेदार है या नहीं।

