देश की सबसे अमीर महिला ने BJP-कांग्रेस को अकेले ही चटा दी धूल, नेटवर्थ सुन उड़ जाएंगे  होश

punjabkesari.in Wednesday, Oct 09, 2024 - 09:58 AM (IST)

नारी डेस्क: हरियाणा विधानसभा चुनावों में एक भयंकर राजनीतिक मुकाबला देखने को मिला।  मंगलवार को घोषित राज्य चुनाव परिणामों के अनुसार, 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के लिए तेरह महिला उम्मीदवार चुनी गई हैं। सबसे प्रमुख विजेताओं में एक निर्दलीय और भारत की सबसे अमीर महिलाओं में से एक सावित्री जिंदल हैं, जिन्होंने हिसार में 49231 वोटों के साथ जीत हासिल की, और प्रसिद्ध भारतीय पहलवान विनेश फोगट, जिन्होंने 65,080 वोटों के साथ कांग्रेस के लिए झूलाणा सीट जीतकर सफल राजनीतिक शुरुआत की।

 

सावित्री जिंदल पर टिकी थी सभी की निगाहें

]
जैसे-जैसे परिणाम सामने आए, कई दिग्गज उम्मीदवारों ने अपनी छाप छोड़ी, जबकि प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में सत्ता का संतुलन बदलना शुरू हो गया। 74 साल की सावित्री जिंदल का चुनाव लड़ना कई मायनों में खास  रहा।  हरियाणा के कुरुक्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद उद्योगपति नवीन जिंदल की मां सावित्री ने हिसार सीट से बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। 

PunjabKesari
 हरियाणा सरकार में जिंदल का रहा अहम याेगदान

जिंदल ने पहले हरियाणा सरकार में कई प्रमुख विभागों को संभाला है, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के तहत राजस्व और आपदा प्रबंधन, समेकन, पुनर्वास और आवास राज्य मंत्री और शहरी स्थानीय निकाय और आवास राज्य मंत्री के रूप में शामिल हैं। वे अपने परोपकारी कार्यों के लिए भी जानी जाती हैं, जो शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और ग्रामीण विकास पहलों का समर्थन करते हैं। 

PunjabKesari
 भारत की सबसे अमीर महिला हैं सावित्री जिंदल

स्टील उद्योग में दुनिया में नाम बनाने वाले दिवंगत ओपी जिंदल की पत्नी जिंदल समूह की चेयरपर्सन हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक उनका नेटवर्थ 34.4 अरब डॉलर (करीब 2.88 लाख करोड़ रुपये) है। इस साल इनकी संपत्ति में 9.68 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। वह देश की चौथी सबसे अमीर हैं जबकि भारत की सबसे अमीर महिला हैं।


 हरियाणा में महिलाओं का दबदबा

वहीं हरियाणा में महिलाओं की भागिदारी की बात करें तो 2019 के विधानसभा चुनावों के दौरान, आठ महिला उम्मीदवार विधायक चुनी गईं। 5 अक्टूबर के चुनावों में 464 निर्दलीय और 101 महिलाओं सहित कुल 1,031 उम्मीदवार मैदान में थे।भाजपा की पांच महिला उम्मीदवारों और कांग्रेस की सात उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। भाजपा उम्मीदवार शक्ति रानी शर्मा ने कालका सीट जीती, जबकि कृष्णा गहलावत ने राई विधानसभा सीट जीती। भाजपा उम्मीदवार श्रुति चौधरी, जो भाजपा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं, ने तोशाम सीट जीती, जबकि पार्टी उम्मीदवार आरती सिंह रान, जो केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी हैं, ने अटेली सीट जीती। 

PunjabKesari
विनेश फोगट ने भी दर्ज की जीत

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की बहू किरण चौधरी इस साल जून में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा की बिमला चौधरी ने पटौदी विधानसभा सीट जीती। कांग्रेस उम्मीदवारों में पहलवान विनेश फोगट ने जुलाना विधानसभा सीट जीती, जबकि पूर्व मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार गीता भुक्कल ने झज्जर सीट बरकरार रखी। शैली चौधरी ने नारायणगढ़ सीट जीती, जबकि शकुंतला खटक ने कलानौर सीट जीती। पूजा ने मुलाना विधानसभा सीट जीती, जबकि रेणु बाला ने सढौरा सीट जीती। कांग्रेस उम्मीदवार मनु चौधरी ने नांगल चौधरी सीट जीती। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static