कान से आती है सायं-सायं की आवाज तो ये नहीं है नॉर्मल बात, शुरू कर दें इसके इलाज
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 05:46 PM (IST)
नारी डेस्क: क्या आपने कभी महसूस किया है कि आपके कानों से अचानक अजीब सी आवाज आती है जैसे सीटी बजना, भनभनाहट, धड़कन जैसी आवाज या फड़फड़ाहट । डॉक्टरों के अनुसार, कई बार यह सामान्य भी हो सकता है, लेकिन कुछ मामलों में यह किसी समस्या का संकेत भी हो सकता है। हालांकि इस तरह की आवाजें हमेशा गंभीर बीमारी नहीं होती, लेकिन इसे नजरअंदाज करना भी सही नहीं है। शरीर के छोटे संकेत भी बड़ी बात बता सकते हैं।

कानों में अजीब आवाज आने के कारण
टिनिटस (Tinnitus): यह सबसे आम कारण है। इसमें व्यक्ति को कानों में सीटी, घंटी या भनभनाहट जैसी आवाज़ सुनाई देती है, जबकि बाहर कोई आवाज़ नहीं होती। इसका कारण तेज आवाज में रहना, बढ़ती उम्र, कान में मैल जमा होना या तनाव।
कान की मांसपेशियों में हलचल: कभी-कभी कान के अंदर की छोटी मांसपेशियां अचानक सिकुड़ती हैं, जिससे क्लिक या फड़फड़ाहट जैसी आवाज आती है। यह आमतौर पर हानिकारक नहीं होता।
यूस्टेशियन ट्यूब की समस्या: यह ट्यूब कान और गले को जोड़ती है। सर्दी-जुकाम या एलर्जी होने पर इसमें दबाव बदल सकता है, जिससे पॉपिंग या अजीब आवाज़ आ सकती है।
ब्लड फ्लो की आवाज़ (Pulsatile Tinnitus): कुछ लोगों को अपने दिल की धड़कन जैसी आवाज़ कानों में सुनाई देती है। यह हाई ब्लड प्रेशर या रक्त प्रवाह से जुड़ी समस्या के कारण हो सकता है।

क्या यह सामान्य है?
अगर आवाज कुछ सेकंड या मिनट के लिए आती है और खुद ही ठीक हो जाती है, तो यह अक्सर सामान्य है। सर्दी या थकान के दौरान भी ऐसा हो सकता है। लेकिन अगर आवाज़ लगातार कई दिनों तक बनी रहे सुनने की क्षमता कम होने लगे चक्कर या दर्द हो, सिर्फ एक कान में लगातार आवाज़ आए तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
खुद को बचाने के तरीके
तेज आवाज से बचें, कान में नुकीली चीज़ न डालें, तनाव कम करें, अगर मैल जमा हो तो डॉक्टर से साफ करवाएं। कान शरीर का बहुत संवेदनशील अंग है। छोटी सी अनदेखी भी बड़ी परेशानी बन सकती है। समय पर ध्यान देना ही सबसे बड़ा बचाव है।

