वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के गहनों का तैयार होगा Record, बैंक में होंगे शिफ्ट
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 04:32 PM (IST)
नारी डेस्क: Banke Bihari Temple में वर्षों से भक्तों द्वारा अर्पित किए जा रहे सोने-चांदी के आभूषणों को लेकर अब बड़ा कदम उठाया गया है। मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने करीब 55 वर्षों से मंदिर परिसर में सुरक्षित रखे आभूषणों की मापतौल शुरू करा दी है। समिति का उद्देश्य इन बहुमूल्य आभूषणों को बैंक में सुरक्षित रखवाना है, ताकि उनकी उचित सुरक्षा और रिकॉर्ड सुनिश्चित किया जा सके।
1971 से लगातार जमा हो रहे थे आभूषण
मंदिर से जुड़े सूत्रों के अनुसार, वर्ष 1971 से अब तक जो भी सोने-चांदी के आभूषण भक्तों द्वारा ठाकुर बांकेबिहारी जी को अर्पित किए जाते रहे, उन्हें मंदिर कार्यालय के पास बने दो कमरों में सुरक्षित रखा जा रहा था। इससे पहले के सभी आभूषणों को करीब 55 वर्ष पहले ही State Bank of India की मुख्य शाखा में जमा करा दिया गया था। लेकिन उसके बाद प्राप्त होने वाले आभूषण मंदिर परिसर में ही संरक्षित रखे गए।

प्रबंधन समिति ने संभाला मोर्चा
पिछले वर्ष अगस्त में नई प्रबंधन समिति ने कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले मंदिर के खजाने और रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच के दौरान यह सामने आया कि मंदिर के एक हिस्से में मौजूद खजाना खाली है। इसके बाद जानकारी मिली कि 1971 के बाद प्राप्त आभूषणों को बैंक में जमा कराने की बजाय मंदिर परिसर के कमरों में रखा जा रहा था।

ये भी पढ़ें: मिलावटी हल्दी से गई दुल्हन की जान, क्या आपके घर में भी पहुंच रही है नकली हल्दी? ऐसे पहचानें
अब बैंक में रखे जाएंगे बहुमूल्य आभूषण
प्रबंधन समिति ने बैठक कर फैसला लिया कि सभी आभूषणों की मापतौल और जांच पूरी करने के बाद उन्हें Punjab National Bank में सुरक्षित रखा जाएगा। इसी प्रक्रिया के तहत पिछले दो दिनों से मंदिर परिसर में आभूषणों की जांच, रिकॉर्डिंग और वजन का काम जारी है।

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हो रही प्रक्रिया
इस पूरी प्रक्रिया को प्रशासनिक निगरानी में पूरा किया जा रहा है। मौके पर एसीएम राजकुमार चौधरी, सिविल जज जूनियर डिवीजन, सीओ सदर प्रीतमपाल सिंह, सेवायत सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी, विजयकृष्ण गोस्वामी, दिनेश गोस्वामी और मंदिर प्रबंधक मुनीश गोस्वामी मौजूद रहे।इसके अलावा बैंक अधिकारियों की टीम भी आभूषणों की जांच और मापतौल में सहयोग कर रही है।
सेवायत सदस्य ने दी जानकारी
सेवायत सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि आभूषणों की जांच और मापतौल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सभी रिकॉर्ड तैयार होने के बाद इन्हें जल्द ही पंजाब नेशनल बैंक में सुरक्षित रखवा दिया जाएगा। मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस कदम से बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षा और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हो सकेंगी।

