नहीं पीते रेड वाइन तो आज से पीना शुरू कर दें? जानें एक गिलास पीने के फायदे
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 02:11 PM (IST)
नारी डेस्क : अच्छी लाइफस्टाइल हमारी सेहत को फिट रखती है और कई बीमारियों से बचाने में मदद करती है। आमतौर पर यह माना जाता है कि नशे सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई वर्षों से यह चर्चा चलती आ रही है कि रोज़ाना एक गिलास रेड वाइन दिल को स्वस्थ रख सकती है। मेडिकल रिसर्च से लेकर फिल्मों तक, रेड वाइन को अक्सर ‘हार्ट-फ्रेंडली ड्रिंक’ के रूप में पेश किया गया है। लेकिन क्या यह दावा पूरी तरह सच है या फिर इसमें अधूरी सच्चाई छिपी है? आइए, विज्ञान की नजर से रेड वाइन से जुड़ी इस बहस की पूरी हकीकत समझते हैं।
रेड वाइन में ऐसा क्या है खास?
रेड वाइन की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह इसमें पाया जाने वाला रेस्वेराट्रोल (Resveratrol) है। यह अंगूर के छिलकों में मौजूद एक शक्तिशाली पॉलीफेनॉल है। वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार, रेस्वेराट्रोल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह रक्त वाहिकाओं की अंदरूनी परत को सुरक्षित रख सकता है। खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) के ऑक्सीडेशन को कम करने में मदद कर सकता है। इन गुणों के कारण धमनियों में प्लाक जमने और हार्ट अटैक के खतरे को कम करने की संभावना बताई जाती है।

कितना पीना सही है ?
यह समझना बेहद जरूरी है कि रेड वाइन के संभावित फायदे सिर्फ सीमित मात्रा में ही देखे गए हैं।
डॉक्टरों के अनुसार
महिलाओं के लिए: दिन में अधिकतम 1 ड्रिंक
पुरुषों के लिए: दिन में अधिकतम 2 ड्रिंक
(1 ड्रिंक = लगभग 120–150 ML रेड वाइन)
इस सीमा से अधिक सेवन फायदे को नुकसान में बदल सकता है।
यें भी पढ़ें : फैटी लिवर की दुश्मन हैं ये 5 हरी सब्जियां, खाते ही घटने लगेगा फैट और सूजन
रेड वाइन पिने के नुकसान
रेड वाइन के फायदे जितने चर्चित हैं, इसके नुकसान उतने ही गंभीर हो सकते हैं अगर मात्रा बढ़ जाए।
अधिक सेवन से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जिससे स्ट्रोक का खतरा रहता है
लीवर डैमेज और वजन बढ़ने की आशंका होती है
दिल की धड़कन अनियमित (Arrhythmia) हो सकती है
शराब की लत लगने का खतरा भी बना रहता है।

तो क्या वाकई रेड वाइन जान बचा सकती है?
विशेषज्ञों की मानें तो अगर कोई व्यक्ति पहले से शराब नहीं पीता, तो केवल स्वास्थ्य के नाम पर रेड वाइन शुरू करने की सलाह नहीं दी जाती। वही फायदे अंगूर, बेरीज़, मूंगफली और हेल्दी डाइट से भी मिल सकते हैं। वो भी बिना शराब के जोखिम के।
यें भी पढ़ें : शनिदेव का वाहन जानें कैसे बन गया कौवा, क्यों हैं उनके लिए सबसे खास?
रेड वाइन को चमत्कारी दवा समझना गलत होगा। सीमित मात्रा में, कुछ लोगों के लिए यह फायदेमंद हो सकती है, लेकिन ज़्यादा सेवन से फायदे नहीं बल्कि खतरे बढ़ते हैं। इसलिए कोई भी फैसला लेने से पहले डॉक्टर की सलाह और अपनी सेहत की स्थिति को जरूर ध्यान में रखें।

