पंजाब के तरनतारन में क्लासरूम में लॉ स्टूडेंट  ने क्लासमेट को किया शूट, फिर खुद को भी मार ली गोली

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 04:40 PM (IST)

नारी डेस्क: पंजाब के तरनतारन जिले में सोमवार को लॉ कॉलेज के एक छात्र ने कक्षा के अंदर एक छात्रा के सिर में कथित तौर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी, जबकि भयभीत सहपाठी यह खौफनाक मंजर देखते रह गये। इसके बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। आरोपी गंभीर रूप से घायल है, जबकि छात्रा  की मौके पर ही मौत हो गयी। 

PunjabKesari
कक्षा के अंदर चली गाेली

हमलावर प्रिंस राज और संदीप कौर दोनों ही कानून के प्रथम वर्ष के छात्र और सहपाठी थे। उनकी उम्र लगभग 19-20 वर्ष के आसपास बतायी जा रही है। पुलिस ने बताया कि प्रिंस ने कक्षा के अंदर संदीप कौर पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई और उसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। उस्मा गांव स्थित कॉलेज में हुई हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब यह घटना घटी उस वक्त कक्षा में पढ़ाई शुरू नहीं हुई थी। 
 

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में प्रिंस, संदीप और एक अन्य छात्रा कक्षा में एक साथ दिखाई दिए। कक्षा में कुछ अन्य छात्र भी मौजूद थे। अचानक प्रिंस अपने डेस्क से खड़ा हो गया और संदीप को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी सिर में गोली मार ली और जमीन पर गिर पड़ा। संदीप कौर के साथ बैठी छात्रा इस घटना को देखकर स्तब्ध रह गयी। गोली चलने की आवाज सुनकर कुछ छात्र कक्षा में प्रवेश करते हुए देखे गए, लेकिन संदीप को देखकर वे भाग गए। 

PunjabKesari
छात्रा की मां ने प्रशासप पर उठाए सवाल

संदीप की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि उन्हें स्कूल प्राधिकारियों का फोन आया था और उन्हें तुरंत कॉलेज पहुंचने के लिए कहा गया था। हरजिंदर ने पत्रकारों को बताया, ''मुझे यह नहीं बताया गया था कि उसे (संदीप को) गोली लगी है।'' उन्होंने बताया कि जब वह कॉलेज पहुंची तो उन्होंने अपनी बेटी को अचेत अवस्था में पाया। उन्होंने पूछा कि कोई छात्र हथियार लेकर कॉलेज में कैसे घुस सकता है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रिंस मलियां गांव का रहने वाला है, जबकि संदीप नौशेहरा पन्नुआं गांव की निवासी थी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static