फैटी लिवर को जड़ से खत्म करने के लिए अपनाएं ये 5 आसान आदतें
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 02:57 PM (IST)
नारी डेस्क: आजकल बदलती लाइफस्टाइल, गलत खानपान और फिजिकल एक्टिविटी की कमी के कारण फैटी लिवर एक आम समस्या बन गई है। यह तब होती है जब लीवर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा हो जाता है। अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए, तो यह आगे चलकर गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, फैटी लिवर को शुरुआती स्टेज में ही कंट्रोल किया जा सकता है। इसके लिए सही खान-पान, नियमित एक्सरसाइज और कुछ आसान आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।
नियमित फिजिकल एक्टिविटी
फैटी लिवर से राहत पाने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि बहुत जरूरी है। ब्रिस्क वॉकिंग, साइकलिंग, स्विमिंग जैसी एक्सरसाइज लिवर में जमा फैट को कम करने में मदद करती हैं। रिसर्च के अनुसार हफ्ते में कम से कम 150 मिनट मीडियम लेवल की एक्सरसाइज करनी चाहिए। इससे न केवल फैट बर्न होता है, बल्कि इंसुलिन सेंसिटिविटी और ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है। परिणामस्वरूप, लिवर सही तरीके से काम करता है और फैट जमा होने की प्रक्रिया धीमी होती है।

हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन
पालक, मेथी, ब्रोकली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां लिवर के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। इनमें मौजूद विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर की सफाई में मदद करते हैं और सूजन को कम करते हैं। ये सब्जियां लिवर में फैट जमा होने की प्रक्रिया को धीमा करती हैं और फैटी लिवर की समस्या को नियंत्रित रखने में मदद करती हैं।
ये भी पढ़ें: 9 दिन का व्रत रखने से पहले ध्यान रखें ये 5 बातें, सेहत रहेगी ठीक और ऊर्जा बनी रहेगी
ग्रीन टी और एंटीऑक्सीडेंट ड्रिंक्स
ग्रीन टी में पाए जाने वाले कैटेचिन्स लिवर फंक्शन को बेहतर बनाने और फैट जमा होने से रोकने में मदद करते हैं। रोजाना 2-3 कप ग्रीन टी पीने से लिवर हेल्थ में सुधार देखा गया है। इसके अलावा सुबह खाली पेट नींबू पानी या हल्दी वाला पानी पीना भी लाभकारी माना जाता है। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स लिवर सेल्स को नुकसान से बचाते हैं और सूजन को कम करते हैं।
शुगर और हाई फैट डाइट से बचें
ज्यादा शुगर और फैट वाला खानपान फैटी लिवर का बड़ा कारण है। केक, पेस्ट्री, मिठाइयां और मीठी ड्रिंक लिवर में फैट जमा करने का काम करते हैं। इसलिए इन चीजों का सेवन कम करना बेहद जरूरी है। इससे लीवर पर दबाव कम होता है और फैट का जमाव भी घटता है।

वजन नियंत्रित रखें और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें
अत्यधिक वजन बढ़ना फैटी लिवर के खतरे को बढ़ाता है। धीरे-धीरे वजन कम करना और उसे नियंत्रित रखना जरूरी है। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जैसी एक्सरसाइज मसल्स बढ़ाने में मदद करती हैं, जिससे मेटाबॉलिज्म तेज होता है और शरीर आराम की स्थिति में भी फैट बर्न करता है। परिणामस्वरूप, लिवर में जमा फैट कम होता है और उसकी कार्यक्षमता बेहतर होती है।
फैटी लिवर से निजात पाने के लिए सिर्फ दवाओं पर भरोसा नहीं करना चाहिए। सही खान-पान, नियमित एक्सरसाइज और ये 5 आसान आदतें अपनाकर आप लिवर की सेहत सुधार सकते हैं और फैटी लिवर को जड़ से खत्म कर सकते हैं।

