'Ketan के बाल नहीं थे, विग लगाता था', हकलाते भी थे' इसलिए सिया ने कर दी हत्या !

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 12:41 PM (IST)

नारी डेस्क:  पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले पर हुई हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई नए पहलू सामने आ रहे हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी और मृतक की मंगेतर सिया गोयल ने कथित तौर पर कई ऐसे बयान दिए हैं, जिनके आधार पर जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया ने पूछताछ में दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसके मुताबिक, इसकी कई व्यक्तिगत वजहें थीं, जिनमें केतन का विग पहनना और हकलाना भी शामिल था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस पूछताछ में क्या-क्या दावे किए गए

सूत्रों के मुताबिक, सिया गोयल ने पुलिस को बताया कि वह चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में थी और उसी से शादी करना चाहती थी। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि केतन के सिर पर कम बाल थे और वह विग पहनते थे, जो उसे स्वीकार नहीं था। इसके अलावा उसने केतन के हकलाने को भी शादी न करने की एक वजह बताया। पुलिस का कहना है कि इन बयानों की भी जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के साथ उनका मिलान किया जा रहा है।

परिवार से शादी रोकने की बात क्यों नहीं कही

जांच के दौरान पुलिस ने सिया से यह भी पूछा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो उसने अपने परिवार को इस बारे में क्यों नहीं बताया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने जवाब दिया कि वह ऐसा करके अपने परिवार को दुखी नहीं करना चाहती थी। पूछताछ में उसने कथित तौर पर कहा कि उसे लगा कि शादी रोकने की बजाय हत्या की योजना को अंजाम देना आसान होगा। यह भी दावा किया गया कि ट्रेकिंग के दौरान हादसे का रूप देकर किसी को शक नहीं होगा, क्योंकि उस इलाके में सीसीटीवी कैमरे मौजूद नहीं थे।

गिरफ्तारी के बाद अब तक मिलने नहीं पहुंचा परिवार

लोनावाला ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद से अब तक सिया गोयल से मिलने उसके परिवार का कोई सदस्य थाने नहीं पहुंचा है। आमतौर पर गिरफ्तारी के बाद परिवार के लोग आरोपी से मिलने या जानकारी लेने आते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ।वहीं, सह-आरोपी चेतन चौधरी के पिता पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की जानकारी लेते रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  Venezuela में भूकंप से तबाही, दो दिन बाद फिर महसूस हुए झटके; अब तक 920 मौतें!

क्राइम सीन दोबारा तैयार करेगी पुलिस

जांच को और मजबूत बनाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस लोहगढ़ किले पर क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि यह समझा जा सके कि घटना के समय दोनों आरोपी किस स्थिति में थे और कथित तौर पर हमला कैसे किया गया।पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में उपलब्ध अधिकांश साक्ष्य परिस्थितिजन्य हैं। ऐसे में घटनास्थल को दोबारा तैयार करके हर छोटी-बड़ी जानकारी की पुष्टि की जाएगी। हालांकि, इसके लिए तारीख अभी तय नहीं की गई है।

सिया के भाई से भी हो रही पूछताछ

जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल के भाई को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सिया ने कभी परिवार के सामने केतन से शादी को लेकर आपत्ति जताई थी या नहीं। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि शादी से पहले परिवार को दोनों के रिश्ते को लेकर क्या जानकारी थी।

हर एंगल से जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। आरोपी के पुलिस के सामने दिए गए कथित बयानों का सत्यापन उपलब्ध साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य गवाहों के आधार पर किया जाएगा। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static