हरियाणवी सिंगर की गाड़ी पर हुई फायरिंग, बाल-बाल बचे

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 11:29 AM (IST)

नारी डेस्क : हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से बड़ी खबर सामने आई है। सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, इस घटना में सिंगर सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें कुछ लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पर सामने आया जिम्मेदारी लेने का दावा

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें अनिल पंडित, हिमांशु सोनीपत, हरमन संधू और हरि बॉक्सर समेत कुछ नामों का जिक्र करते हुए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दिलेर खरकिया को धमकी देने की बात भी कही गई है। पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच कर रही है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

रिपोर्टों के मुताबिक, फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह और फायरिंग करने वालों की पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है।

कौन हैं दिलेर खरकिया?

दिलेर खरकिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर हैं। उनका जन्म 8 अगस्त 1997 को हरियाणा के खरक गांव में हुआ था। उनके पिता राजेंद्र खरकिया मशहूर रागनी कलाकार हैं। पिता से प्रेरित होकर दिलेर ने कम उम्र में ही रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। साल 2018 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। उनके चर्चित गानों में 'मोटो', 'लीलो चमन', 'जूती काली', 'हाई कोर्ट', 'कबूतरी' और 'आलू मटर' शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static