Nikki murder case: आरोपी पति विपिन का एनकाउंटर, पुलिस से हथियार छीनने की कोशिश में लगी गोली
punjabkesari.in Sunday, Aug 24, 2025 - 02:33 PM (IST)

नारी डेस्क: ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या के मामले से जुड़ा निक्की मर्डर केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब इस केस में एक नया मोड़ आया है, जहां निक्की के पति और मुख्य आरोपी विपिन भाटी का पुलिस एनकाउंटर हुआ है। जानकारी के अनुसार, पुलिस जब उसे मेडिकल जांच के लिए लेकर जा रही थी, तभी विपिन ने भागने और पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने उसे गोली मारी, जो उसके पैर में लगी।
क्या है पूरा मामला?
21 अगस्त 2025 की रात, ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 28 साल की महिला निक्की को उसके पति और ससुराल वालों ने कथित रूप से पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। निक्की की बहन द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि उसे मारा-पीटा जा रहा है, और उसका छोटा बेटा भी कहता है – “पापा ने चाटा मारा, फिर आग लगा दी।” निक्की की मौत के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था। लोगों ने थाने का घेराव किया और “खून के बदले खून चाहिए” जैसे नारे लगाए।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
24 अगस्त की सुबह, पुलिस आरोपी विपिन को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान, उसने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो विपिन के पैर में लगी। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
निक्की के पिता का बयान
निक्की के पिता ने इस एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "पुलिस ने सिर्फ पैर में क्यों मारी? उसे छाती में गोली मारनी चाहिए थी। उसने मेरी बेटी को बेरहमी से जला दिया। अब पुलिस उसे बचा रही है।" वे पहले ही सभी आरोपियों को फांसी देने और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर चुके हैं।
निक्की को कैसे मारा गया था?
निक्की के परिवार का आरोप है कि शादी के नौ साल बाद भी ससुराल वाले लगातार 35-36 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। निक्की की बहन का कहना है कि “उन्होंने निक्की के सिर और गले पर मारा, फिर उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।” निक्की की सास ने तेल डाला और पति विपिन ने आग लगाई।
क्या कहा आरोपी विपिन ने?
एनकाउंटर के बाद पुलिस हिरासत में रहते हुए विपिन ने बयान दिया कि “मुझे कोई पछतावा नहीं है। मैंने उसे नहीं मारा, वह खुद मर गई। पति-पत्नी में झगड़े होते रहते हैं, यह आम बात है।” उसका यह बयान सुनकर लोगों का गुस्सा और भड़क गया है।
पीट-पीटकर बेहोश किया, बेटा बोला- पापा ने मां को लाइटर से जला डाला...'ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए निक्की की हत्या pic.twitter.com/QUDF6fmb3k
— Nari (@NariKesari) August 24, 2025
अब तक क्या कार्रवाई हुई है?
पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार किया था, और अब उसे एनकाउंटर के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी ससुराल वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मृतका के परिजनों ने सीएम से मिलकर न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
निक्की की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर एक मासूम बच्चा अपनी मां को खो बैठा है, तो दूसरी ओर दहेज के लालच में एक ज़िंदा महिला को जलाना इंसानियत को शर्मसार करता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस केस में क्या सख्त कदम उठाता है और निक्की को न्याय कब तक मिल पाता है।