गौरी खान ने मीका सिंह के 99वें घर को किया डिजाइन, शाहरुख ने कहा था- "मेरी पत्नी लूट लेगी तुझे"
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 01:08 PM (IST)
नारी डेस्क: कुछ महीने पहले सिंगर मीका सिंह तब चर्चा में आए थे जब फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान दिल्ली के पास उनके 100 एकड़ में फैले फार्महाउस पर उनसे मिलने गई थीं। हालांकि बहुत से लोग शायद यह नहीं जानते होंगे कि मीका के पास पूरे भारत में 99 प्रॉपर्टीज़ हैं, और उनका मुख्य घर उनका 99वां घर है एक शानदार अपार्टमेंट जिसे इंटीरियर डिज़ाइनर गौरी खान ने डिज़ाइन किया है।
.jpg)
खबरों के मुताबिक, 50 करोड़ रुपये की कीमत वाले इस घर में ग्रे रंग का शानदार इस्तेमाल किया गया है, जिसमें हरे सोफे और कुर्सियां, सफेद मार्बल की टेबल, बेज रंग की सीटिंग और एक चमकीली पीली कुर्सी है जो घर में रंगत भर देती है। पिंकविला के साथ एक इंटरव्यू में मीका ने बताया था-, "भगवान की कृपा से यह मेरा 99वां घर है।" अपने सफर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा- "मैंने कभी 99 प्रॉपर्टीज़ होने का सपना नहीं देखा था लेकिन हां, मैंने सिंगर बनने का सपना देखा था। मेरी पहली कमाई 75 रुपये थी और मुझे इतनी कम रकम मिलने का कभी अफसोस नहीं हुआ।

13 साल की उम्र में, मैं उतने पैसे कमाकर ही बहुत खुश था। मैं कई जागरणों में परफॉर्म करता रहा, फिर मेरे भाई दलेर मेहंदी ने मेरी बहुत मदद की। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा। तभी मुझे एहसास हुआ कि हुनर से आप ये सब चीजें हासिल कर सकते हैं।" इस प्रॉपर्टी के बारे में कहानी बताते हुए मीका ने कहा- "इस फ़्लैट के पीछे एक मज़ेदार कहानी है मैंने इसे 2012 में लिया था। इससे पहले मैं शास्त्री नगर (अंधेरी वेस्ट) में रहता था। किसी ने मुझे बताया कि यहां एक बहुत अच्छी बिल्डिंग है, तुम्हें उसे देखना चाहिए और बस ऐसे ही, मैंने उसी बिल्डिंग में छह फ़्लैट खरीद लिए। वह बिल्डिंग पूरी तरह खाली थी। इसे पूरा होने में छह साल लगे और आखिरकार 2018 में मुझे यह मिला।"
.jpg)
उन्होंने आगे कहा- "फिर मैं शाहरुख खान से मिला वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और मेरे लिए भाई जैसे हैं। मैंने उनसे गुज़ारिश की कि वे गौरी खान से मेरा घर डिज़ाइन करने के लिए कहें। उन्होंने कहा- 'वह तुमसे बहुत ज़्यादा पैसे लेंगी।' मैंने फिर भी ज़िद की और आखिरकार गौरी खान से मिला। उनकी एक ही शर्त थी, 'मेरी पसंद पर कभी सवाल मत उठाना।' उन्हें घर तैयार करने में दो साल लगे।"
.jpg)
घर दिखाते हुए, मीका ने धारीदार वॉलपेपर वाले हल्के भूरे रंग के कमरे की ओर इशारा करते हुए कहा- “यह मेरा जूनियर सुइट है बिल्कुल फाइव-स्टार होटल जैसा। मैं अपने खास मेहमानों को यहीं ठहराता हूं, हमारे घर में कुल पांच बेडरूम हैं। पहले यह आठ बेडरूम वाला फ़्लैट था, लेकिन गौरी खान ने इसे पांच बेडरूम वाले फ़्लैट में बदल दिया।” उन्होंने आगे बताया- "यहां कुल पांच बेडरूम हैं—कुछ मेहमानों के लिए, कुछ परिवार के लिए और एक मेरे लिए। मैं इस घर में आसानी से 40 लोगों की मेज़बानी कर सकता हूँ। यहां 40 लोग आराम से बैठकर बातचीत कर सकते हैं।"

