मक्का में रमजान के दौरान Gauahar Khan ने बेटे फरवान का किया फेस रिवील
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 06:06 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड एक्ट्रेस गौहर खान के लिए रमजान 2026 बेहद खास बन गया है। इस पाक महीने में वह अपने पति Zaid Darbar और पूरे परिवार के साथ Mecca और Medina में इबादत करती नजर आईं। इसी दौरान गौहर ने अपने छोटे बेटे फरवान का पहली बार चेहरा दुनिया को दिखाया, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
मक्का-मदीना में परिवार संग रमजान
रमजान के इस पवित्र मौके पर गौहर खान, जैद दरबार, उनका बड़ा बेटा ज़ेहान, छोटा बेटा फरवान और परिवार की अन्य सदस्य अनम दरबार सऊदी अरब पहुंचे। सभी ने मिलकर उमराह किया और रोज़ा, इफ्तार व इबादत के खास पल साझा किए। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में गौहर अपने परिवार के साथ Kaaba के सामने भावुक नजर आईं। उन्होंने लिखा कि अल्लाह ने उन्हें यह मुकद्दस मौका दिया, जिसके लिए वह तहेदिल से शुक्रगुजार हैं।

काबा के सामने फरवान का पहला दीदार
गौहर और जैद ने अपने छोटे बेटे फरवान का फेस रिवील काबा के सामने किया। फरवान का जन्म सितंबर 2025 में हुआ था। इससे पहले गौहर अपने बड़े बेटे ज़ेहान का फेस रिवील भी रमजान के दौरान मक्का से ही कर चुकी हैं। इस बार भी उन्होंने उसी खूबसूरत परंपरा को निभाया। इंस्टाग्राम पोस्ट में गौहर ने लिखा, “अल्लाहुम्मा बारिक! बड़े को काबा से पहला सलाम करवाया था, तो छोटे का भी हक बनता है। अस्सलामु अलैकुम खूबसूरत दुनिया फरवान।” सफेद कपड़ों में पूरा परिवार बेहद सुकून और सादगी के साथ नजर आया।
यें भी पढ़ें : इन 5 गलत आदतों से बढ़ता है ब्लड कैंसर का खतरा, जानें बचाव के तरीके
फैंस ने लुटाया प्यार
जैसे ही फरवान की तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर बधाइयों और दुआओं की बाढ़ आ गई। फैंस ने बच्चे को बेहद क्यूट बताया और कई लोगों ने कहा कि वह अपनी मां गौहर पर गया है। गौहर और जैद दोनों ही अपने बच्चों को अल्लाह की सबसे बड़ी नेमत मानते हैं और अक्सर अपने परिवार के खुशनुमा पल फैंस के साथ साझा करते रहते हैं।

