इतिहास रचने वाली पहली मिस इंडिया: 5वें बच्चे की प्रेग्नेंसी में जीता था ताज, नाम दर्ज है अनोखा रिकॉर्ड
punjabkesari.in Thursday, Nov 20, 2025 - 05:13 PM (IST)
नारी डेस्क: भारत की सौंदर्य प्रतियोगिता इतिहास में पहली मिस इंडिया बनने वाली महिला थीं प्रमिला, जिनका असली नाम एस्थर विक्टोरिया अब्राहम था। उन्होंने यह प्रतिष्ठित खिताब 1947 में जीता, उस समय उनकी उम्र 31 साल थी और वह पांचवें बच्चे की प्रेग्नेंसी में थीं। इतना ही नहीं, प्रमिला भारत की पहली महिला प्रोड्यूसर और पहली स्टंटवुमन बनने का गौरव भी हासिल कर चुकी थीं। उनके नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है उनकी बेटी ने भी मिस इंडिया का खिताब जीता, जिससे वह भारत की पहली मां-बेटी बन गईं जिन्होंने इस खिताब को हासिल किया।
एस्थर विक्टोरिया अब्राहम उर्फ प्रमिला का जन्म 1916 में कोलकाता में हुआ था। वह यहूदी परिवार से थीं। उनकी पर्सनल लाइफ भी चर्चा में रही। 17 साल की उम्र में उन्होंने हिंदू मारवाड़ी सज्जन माणिकलाल डांगी से शादी की, जिससे उनका एक बेटा हुआ, लेकिन यह शादी ज्यादा समय तक टिक नहीं सकी। 22 साल की उम्र में उन्होंने दूसरी शादी अभिनेता सैयद हसन अली जैदी से की और इस शादी के साथ उन्होंने यहूदी धर्म छोड़कर इस्लाम अपनाया। इस शादी से उन्हें चार बच्चे हुए। भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान प्रमिला भारत में रहीं और उनके पति पाकिस्तान चले गए।

फिल्मी करियर और स्टंटवुमन बनने तक
प्रमिला ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत डांसर के रूप में की। मुंबई में अपनी बहन के घर के दौरान, फेमस डायरेक्टर आर्देशिर ईरानी ने उन्हें देखा और फिल्म का ऑफर दिया। उन्होंने 1935 में डेब्यू किया और बाद में ‘बसंत’, ‘बिजली’, ‘उल्टी गंगा’ जैसी लगभग 30 फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों में काम करते हुए प्रमिला भारत की पहली स्टंटवुमन भी बनीं।
प्रोडक्शन में योगदान फिल्मों में अभिनय के अलावा प्रमिला ने प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया और 16 फिल्में बनाई। इस तरह वह भारत की पहली फीमेल प्रोड्यूसर बन गईं।
परिवार और आगे की कहानी
प्रमिला के बेटे हैदर अली ने भी बॉलीवुड में नाम कमाया और उन्होंने ऋतिक रोशन की फिल्म ‘जोधा अकबर’ में गाना गाया। प्रमिला का जीवन फिल्म इंडस्ट्री में बहुआयामी योगदान का प्रतीक रहा। प्रमिला ने लंबा और प्रेरणादायक जीवन जिया और 6 अगस्त 2006 को 90 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।

प्रमिला केवल भारत की पहली मिस इंडिया ही नहीं थीं, बल्कि वह एक मजबूत और बहुआयामी महिला का प्रतीक थीं जो मां, अभिनेत्री, स्टंटवुमन और प्रोड्यूसर के रूप में इतिहास रच गईं। उनका जीवन आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

