सरपंच बनने के चाह में पिता ने ले ली मासूम बेटी की जान, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 12:01 PM (IST)
नारी डेस्क : महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। सरपंच बनने के सपने ने एक पिता को इतना अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही छह साल की मासूम बेटी की जान ले ली। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय पांडुरंग कोंडमांगले के रूप में हुई है।
सरपंच बनने की चाह में उठा खौफनाक कदम
पांडुरंग नांदेड़ जिले के केरुर गांव में ‘विराट सलून’ नाम से नाई की दुकान चलाता था। उसका सपना था कि वह जून 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव में सरपंच पद का चुनाव लड़े। उसे पूरा भरोसा था कि वह चुनाव जीत सकता है, लेकिन उसके रास्ते में महाराष्ट्र पंचायती राज कानून का एक नियम आड़े आ गया। इस कानून के तहत दो से अधिक बच्चों वाले व्यक्ति को पंचायत चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं है। पांडुरंग के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो जुड़वां बेटियां थीं, जिस कारण वह चुनाव लड़ने के योग्य नहीं रह जाता था।

जुड़वां बच्चियों में से एक को मारने की बनाई साजिश
आरोपी ने अपने दोस्त गणेश शिंदे के साथ मिलकर इस समस्या का “समाधान” तलाशा। शुरुआत में दोनों ने छह साल की बेटी प्राची को किसी को गोद देने का विचार किया, लेकिन जन्म प्रमाण पत्र पहले से बना होने के कारण यह योजना कामयाब नहीं हो सकी। इसके बाद दोनों ने मिलकर एक खौफनाक साजिश रची मासूम बच्ची की हत्या कर उसे हादसा दिखाने की।
यें भी पढ़ें : ठंड के इस आखिरी महीने में इन 5 बीमारियों से रहें सावधान, नहीं तो लापरवाही पड़ सकती है भारी
बाइक से घुमाने के बहाने ले गया, नहर में धकेला
पांडुरंग अपनी बेटी प्राची को घूमाने के बहाने महाराष्ट्र से तेलंगाना के निजामाबाद जिले ले गया। वह उसे खेतों से घिरे निजामसागर नहर तक बाइक से लेकर पहुंचा। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर आरोपी ने बच्ची को नहर में धक्का दे दिया और वहां से फरार हो गया। पास में काम कर रहे कुछ लोगों ने पानी में गिरने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। उसका शव नहर में तैरता मिला।
सोशल मीडिया से हुई पहचान, पुलिस तक पहुंचा मामला
स्थानीय लोगों ने तेलंगाना पुलिस को सूचना दी और शव को बाहर निकाला गया। बच्ची की तस्वीरें सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर साझा की गईं, जिसके बाद किसी व्यक्ति ने महाराष्ट्र में बच्ची की पहचान की और पुलिस को जानकारी दी। तेलंगाना पुलिस पहले से ही इस मामले की जांच हत्या के एंगल से कर रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस बच्ची के गांव पहुंची और पिता से पूछताछ शुरू की।
यें भी पढ़ें: Kidney Patients Alert! किडनी खराब है तो न खाएं ये फल
पहले झूठ बोला, फिर कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान पांडुरंग ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि बच्ची का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही साजिश में शामिल दोस्त गणेश शिंदे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

