कभी फिल्ममेकर्स की पहली पसंद थीं ये Actress, हालात ऐसे बदले कि सड़कों पर मांगनी पड़ी भीख
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 10:44 AM (IST)
नारी डेस्क: बॉलीवुड और मनोरंजन की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखाई देती है, उसके पीछे उतने ही संघर्ष और दर्द की कहानियां भी छिपी होती हैं। यहां हर साल हजारों लोग बड़े सपने लेकर आते हैं। कुछ लोग अपनी मेहनत और किस्मत के दम पर स्टार बन जाते हैं तो कुछ वक्त के साथ गुमनामी के अंधेरों में खो जाते हैं। कई ऐसे कलाकार भी रहे हैं, जिन्होंने कभी शोहरत की बुलंदियां छुईं, लेकिन बाद में हालात इतने बदल गए कि उन्हें आर्थिक तंगी और मुश्किल भरी जिंदगी का सामना करना पड़ा। आज हम बात कर रहे हैं भोजपुरी इंडस्ट्री की अभिनेत्री मिताली शर्मा की, जिनकी जिंदगी की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। एक समय फिल्मों में नजर आने वाली मिताली को लेकर दावा किया जाता है कि हालात इतने खराब हो गए थे कि उन्हें सड़कों पर भटकना पड़ा और लोगों से मदद मांगनी पड़ी। उनकी यह कहानी हर किसी को सोचने पर मजबूर कर देती है।
लगातार संघर्ष ने बिगाड़े हालात
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिताली शर्मा को लंबे समय तक इंडस्ट्री में स्थिर काम नहीं मिल पाया। फिल्मों और मनोरंजन जगत में लगातार रिजेक्शन मिलने के कारण उनका करियर प्रभावित होने लगा था। आर्थिक अस्थिरता और मजबूत सपोर्ट सिस्टम की कमी ने भी उनकी मुश्किलों को बढ़ा दिया। धीरे-धीरे इन परिस्थितियों का असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा था और वह अकेलेपन व तनाव से जूझने लगीं थी।
जब सड़क पर दिखीं बदहाल हालत में
मिताली शर्मा की जिंदगी का सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब सामने आया था, जब खबरों में दावा किया गया कि उन्हें मुंबई के लोखंडवाला इलाके में बेहद खराब हालत में देखा गया था। बताया गया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं और लोगों से मदद मांगती नजर आईं। कभी कैमरों की चमक के बीच रहने वाली अभिनेत्री की यह हालत देखकर लोग हैरान रह गए।

पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी स्थिति को देखते हुए मुंबई पुलिस ने हस्तक्षेप किया। बताया जाता है कि पुलिस ने उन्हें सड़क से उठाकर अपने संरक्षण में लिया था। इसी दौरान कुछ ऐसी घटनाएं भी सामने आईं, जिनमें दावा किया गया कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं और स्थिति को समझ पाने में कठिनाई महसूस कर रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद मिताली ने सबसे पहले भोजन की मांग की थी। उनकी शारीरिक और मानसिक स्थिति देखकर अधिकारियों को उनकी हालत को लेकर गंभीर चिंता हुई। पुलिस को महसूस हुआ कि उन्हें सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि Medical सहायता की भी जरूरत है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उनके लिए मेडिकल सहायता की व्यवस्था की। बाद में उन्हें मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया था। बताया जाता है कि उस समय उन्हें आर्थिक सहायता और मानसिक स्वास्थ्य देखभाल दोनों की जरूरत थी।
ग्लैमर की दुनिया का एक कड़वा सच
मिताली शर्मा की कहानी मनोरंजन जगत की उस सच्चाई को भी सामने लाती है, जिसके बारे में अक्सर लोग बात नहीं करते। फिल्मी दुनिया में सफलता जितनी जल्दी मिलती है, उतनी ही तेजी से कई बार दूर भी हो जाती है। ऐसे में कलाकारों के लिए मानसिक और भावनात्मक सहयोग का होना बेहद जरूरी है। मिताली शर्मा की यह कहानी सिर्फ एक अभिनेत्री के संघर्ष की कहानी नहीं है, बल्कि यह इस बात की याद दिलाती है कि हर चमकती हुई दुनिया के पीछे कई अनदेखी चुनौतियां भी छिपी होती हैं।

