काम छूटने के डर से स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर की बात रखी छिपाकर, आर्थिक तंगी से भी जूझीं ये एक्ट्रेस

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 12:27 PM (IST)

नारी डेस्क: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री शगुफ्ता अली ने हाल ही में अपने जीवन के सबसे कठिन दौर को याद करते हुए कई भावुक खुलासे किए। 'वीरा', 'कुमकुम' और कई लोकप्रिय टीवी शोज़ में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाली शगुफ्ता ने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब वह स्टेज 3 ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं, लेकिन उन्होंने इस गंभीर बीमारी की जानकारी किसी को नहीं दी। इसकी सबसे बड़ी वजह काम खोने का डर था।

कैंसर की बात इसलिए रखी थी छिपाकर

सिद्धार्थ कनन को दिए एक इंटरव्यू में शगुफ्ता अली ने बताया कि उस समय लोगों की सोच अलग थी और कैंसर जैसी बीमारी को लेकर कई तरह की गलत धारणाएं थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार यही सलाह दी गई थी कि इस बीमारी के बारे में किसी को न बताएं, क्योंकि अगर इंडस्ट्री को इसकी जानकारी मिल गई तो उन्हें काम मिलना बंद हो सकता है। शगुफ्ता ने कहा, "उस समय कहा जाता था कि इस बारे में किसी को मत बताना। अगर लोगों को पता चल गया तो काम नहीं मिलेगा। मुझे भी यही डर दिखाया गया था कि इंडस्ट्री का व्यवहार बदल जाएगा और लोग मुझे काम देना बंद कर देंगे। इसलिए मैंने अपनी बीमारी को सबसे छिपाकर रखा।"

कई साल तक बचत के सहारे चला घर

अभिनेत्री ने अपने आर्थिक संघर्ष के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि साल 2017 के बाद उनके सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगी थीं। लोगों को लगता था कि लंबे समय तक काम करने की वजह से उनके पास काफी बचत होगी, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग थी। शगुफ्ता ने कहा, "लोग पूछते थे कि क्या आपके पास सेविंग नहीं थी? थी, लेकिन सीमित थी। मैं कोई अंबानी, टाटा या अडानी नहीं हूं कि पैसे कभी खत्म ही न हों। मैं एक टीवी एक्टर हूं और घर चलाने वाली अकेली सदस्य हूं। मेरी वही बचत इलाज, दवाइयों, घर के खर्च, ग्रॉसरी और रोजमर्रा की जरूरतों में धीरे-धीरे खत्म होती चली गई।"

ये भी पढ़ें:  ‘मैं प्रेग्नेंट हूं…’ आकांक्षा चमोला के खुलासे से हिला ‘लॉकअप 2’, राम कपूर ने पूछा- बच्चे का पिता कौन?

स्वास्थ्य की वजह से हाथ से निकला बड़ा प्रोजेक्ट

वर्क फ्रंट की बात करें तो शगुफ्ता अली जल्द ही टीवी के लोकप्रिय शो 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में नजर आने वाली थीं। शो में आने वाले दो साल के लीप के बाद उन्हें अभिनेता आदित्य गुप्ता की दादी का किरदार निभाने के लिए चुना गया था। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन सकीं।

PunjabKesari

अब इस अभिनेत्री ने ली उनकी जगह

शगुफ्ता अली की तबीयत ठीक न होने की वजह से शो के निर्माताओं को कास्टिंग में बदलाव करना पड़ा। अब इस भूमिका में अभिनेत्री नीलू वाघेला दिखाई देंगी। हालांकि, शगुफ्ता के प्रशंसकों को उम्मीद है कि उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद वह जल्द ही एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करेंगी।शगुफ्ता अली की यह आपबीती सिर्फ एक अभिनेत्री के संघर्ष की कहानी नहीं है, बल्कि उन कलाकारों की भी हकीकत सामने लाती है जो बीमारी और आर्थिक चुनौतियों से जूझते हुए भी अपने करियर को बचाने की कोशिश करते हैं। उनका यह खुलासा सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है और कई लोग उनकी हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।
 
 
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static