रामलला के दरबार में पहुंचे Elon Musk के पिता Errol, बेटी संग किए दर्शन, बोले– ''भारत की संस्कृति बेहद खास''
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 02:20 PM (IST)

नारी डेस्क: अमेरिका के जाने-माने बिजनेसमैन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को अयोध्या पहुंचे। उनके साथ उनकी बेटी एलेक्जेंड्रा मस्क भी थीं। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 3 बजे एरोल मस्क का चार्टर प्लेन उतरा। वहां पुजारियों और अधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। एयरपोर्ट से सीधे एरोल मस्क राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए। दर्शन के बाद वे अयोध्या के प्रसिद्ध मंदिर हनुमानगढ़ी भी गए और पूजा-अर्चना की। एरोल मस्क ने भारतीय परंपरा और धार्मिक आस्था के प्रति अपनी गहरी रुचि दिखाई और मंदिरों में पूरे भक्ति भाव से दर्शन किए।
भारत और भारतीयों की तारीफ
राम मंदिर दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में एरोल मस्क ने कहा कि भारत और यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि वे भारतीय संस्कृति को जानते और समझते हैं और यहां आकर उन्हें बेहद अच्छा महसूस हुआ।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भारत और अमेरिका के रिश्ते और भी मजबूत होंगे। उन्होंने दोनों देशों के नेताओं की भी तारीफ की और उन्हें समझदार बताया।
एलन मस्क और ट्रंप के बीच विवाद पर बोले एरोल मस्क
जब एरोल मस्क से उनके बेटे एलन मस्क और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच चल रहे तनाव को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि कुछ बातों को समझने में समय लगता है। इससे साफ है कि वे इस मुद्दे पर फिलहाल ज्यादा कुछ कहने से बचना चाहते हैं।
ये भी पढ़े: मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के वो 5 चमत्कारी रहस्य जो आज भी हैरान करते हैं
आध्यात्मिक यात्रा के साथ बिजनेस मिशन भी
यह यात्रा केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि बिजनेस मकसद से भी जुड़ी हुई है। एरोल मस्क, सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम लिमिटेड के ग्लोबल एडवाइजर हैं। उन्होंने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रमन भाटिया के साथ अयोध्या का दौरा किया। इस दौरे का मकसद भारत में ग्रीन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग सिस्टम को बढ़ावा देना है। यह यात्रा 1 जून से 6 जून तक चल रही है और इसमें भारत के टेक्नोलॉजिकल विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
बेटी एलेक्जेंड्रा मस्क का भी अनुभव
एरोल मस्क की बेटी एलेक्जेंड्रा मस्क भी इस यात्रा का हिस्सा बनीं। उन्होंने अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखा और उसका अनुभव किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की आध्यात्मिक शांति और ऐतिहासिक महत्व ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया।
एरोल मस्क की यह यात्रा सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं थी, बल्कि भारत और अमेरिका के बीच संस्कृति, तकनीक और व्यापारिक रिश्तों को भी आगे बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम थी। भारत की भूमि, संस्कृति और आध्यात्मिकता ने एरोल मस्क और उनके परिवार को गहराई से प्रभावित किया है।