गैस सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े बुजुर्ग की मौत, एजेंसी के बाहर बिगड़ी तबीयत

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 04:07 PM (IST)

 नारी डेस्क: कई शहरों में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच Farrukhabad से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

गैस एजेंसी के बाहर हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय स्थित पानी की टंकी के पास बनी Bharat Gas एजेंसी पर शुक्रवार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। इसी लाइन में 75 वर्षीय मुख्तार अंसारी भी खड़े थे। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 6:30 बजे से सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे।

अचानक बिगड़ी तबीयत

लाइन में काफी देर तक खड़े रहने के दौरान अचानक मुख्तार अंसारी की तबीयत खराब हो गई। वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और प्राथमिक मदद के तौर पर सीपीआर और हार्ट पंप देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, संभव है कि उनकी मौत हार्ट अटैक या अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण हुई हो। मुख्तार अंसारी की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही गैस सिलेंडर बुक कराया था और लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। लेकिन लंबी लाइन और इंतजार के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

ये भी पढ़ें:  स्कूल वही, बच्चा वही… फिर हर साल री-एडमिशन फीस क्यों? राघव चड्ढा ने उठाए सवाल

गैस किल्लत पर उठ रहे सवाल

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे खासकर बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। फर्रुखाबाद की यह घटना गैस किल्लत से हो रही परेशानियों की गंभीर तस्वीर पेश करती है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static