मार्बल और टाइल्स से होली के रंग हटाने के आसान तरीके

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 02:30 PM (IST)

नारी डेस्क : होली खेलना तो हर किसी को पसंद है, लेकिन खेलने के बाद फर्श पर बिखरे रंग को देखकर कई लोग घबराने लगते हैं। खासकर महंगे मार्बल और टाइल्स पर रंग के धब्बे आसानी से नहीं जाते। कभी-कभी लोग रंग छुड़ाने के लिए हार्ड केमिकल या रासायनिक प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, जिससे टाइल्स और मार्बल की सतह खराब हो सकती है। लेकिन चिंता की कोई बात नहीं। हम आपके लिए कुछ साधारण और असरदार तरीके लेकर आए हैं, जिनसे आप आसानी से होली के रंग को मार्बल और टाइल्स से हटा सकते हैं।

गुनगुने पानी से धोएं

सबसे पहले हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। फर्श पर पानी डालकर सॉफ्ट क्लॉथ या स्क्रब से धीरे-धीरे रगड़ें। इससे ज्यादातर रंग आसानी से हट जाएगा और मार्बल या टाइल्स की सतह सुरक्षित रहेगी।

PunjabKesari

आरारोट का पेस्ट बनाएं

अगर साबुन और पानी से धब्बे नहीं हटते, तो आरारोट का पेस्ट बनाकर दाग पर लगाएं। 10 मिनट तक छोड़ दें और फिर गीले कपड़े से पोछें। यह तरीका जमे हुए रंग को आसानी से साफ कर देता है।

डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें

मार्बल पर यदि रंग का धब्बा ज्यादा जमी हुई स्थिति में है, तो डिटर्जेंट पाउडर पानी में घोलकर कपड़े में भिगोएं और रगड़ें। इसके बाद साफ कपड़े से पोछ दें। दो-तीन बार यह प्रक्रिया दोहराने से रंग पूरी तरह हट जाएगा।

टाइल्स की लाइनिंग में बेकिंग सोडा लगाएं

अक्सर रंग टाइल्स के जोड़ में जमा हो जाता है। इसका उपाय है: बेकिंग सोडा और विनेगर का पेस्ट बनाएं और जोड़ वाली लाइनिंग में लगाएं। आधे घंटे बाद टूथब्रश की मदद से रगड़कर साफ करें।

नियमित सफाई और ध्यान रखें

होली के बाद जितना जल्दी फर्श पर गिरे रंग को साफ किया जाए, उतना आसान होगा। हल्के और नैचरल तरीके अपनाने से आपके महंगे मार्बल और टाइल्स भी सुरक्षित रहते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static