इधर दादी का निधन, उधर पाेता हिरासत में... अभिजीत दिपके के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 03:07 PM (IST)
नारी डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी का शनिवार को महाराष्ट्र के हिंगोली ज़िले के संटुक पिंपरी गांव में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से लंबी बीमारी और उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। दिपके शनिवार सुबह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से निकले थे। हालांकि, दिल्ली पहुंचने पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) पर हिरासत में ले लिया।
दिपके के घर के बाहर भारी पुलिस तैनात
दिपके के माता-पिता, अनीता और भगवान डिपके अभी छत्रपति संभाजीनगर में हैं, जहां उनके घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। मौत की खबर मिलने के बाद, उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनके हिंगोली जाने की उम्मीद है। यह अभी साफ़ नहीं है कि दिल्ली पुलिस दिपके को अपने परिवार के साथ रहने के लिए छत्रपति संभाजीनगर या हिंगोली जाने की इजाज़त देगी या नहीं। उनकी रिहाई और यात्रा के इंतजामों के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
फ्लाइट से उठाया पुलिस ने
इससे पहले शनिवार को, जंतर-मंतर पर होने वाले प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दीपके और CJP के दो अन्य सदस्यों, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। एयरपोर्ट पर प्लेन के उतरने के बाद पुलिसकर्मी दिपके वाले प्लेन में दाखिल हुए। बाद में दिपकेने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पुलिस टीम को फ्लाइट में घुसते और उन्हें व पार्टी के दूसरे सदस्यों को हिरासत में लेते हुए दिखाया गया। वीडियो में उन्हें पुलिस से यह कहते हुए सुना गया, "...मैं यहां गिरफ्तारी देने आया हूं; मुझे गिरफ्तार कर लीजिए।"

