Chaitra Navratri 2026: घर के मुख्य द्वार पर करें ये उपाय, बरसेगी सुख-समृद्धि
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 05:27 PM (IST)
नारी डेस्क : साल 2026 में आने वाली चैत्र नवरात्रि खास ज्योतिषीय संयोग के साथ शुरू होने जा रही है। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026 को घटस्थापना के साथ होगी और इसका समापन 27 मार्च 2026 को होगा। नवरात्रि के नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं और व्रत रखकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। नवरात्रि में घर के मुख्य द्वार पर कुछ खास वास्तु उपाय करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा, धन और खुशहाली का आगमन होता है। मान्यता है कि नवरात्रि के दौरान देवी मां का प्रवेश मुख्य द्वार से ही होता है, इसलिए इस स्थान को साफ, पवित्र और सजाकर रखना बेहद जरूरी होता है।
कब से शुरू हो रही है चैत्र नवरात्रि 2026?
द्रिक पंचांग के अनुसार, चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026 (गुरुवार) से होगी और इसका समापन 27 मार्च 2026 को होगा। इस बार मां दुर्गा का आगमन पालकी पर और विदाई हाथी पर मानी जा रही है, जिसे शुभ संकेत माना जाता है।

क्यों खास है घर का मुख्य द्वार?
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मुख्य द्वार ऊर्जा का मुख्य प्रवेश द्वार होता है। यहीं से सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश करती है। इसलिए नवरात्रि के दौरान इस स्थान की साफ-सफाई और सजावट का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
यें भी पढ़ें : चैत्र नवरात्रि क्यों मनाई जाती है? जानें इस पावन पर्व की शुरुआत कैसे हुई
मुख्य द्वार पर करें ये खास उपाय
आम या अशोक के पत्तों की तोरण लगाएं
नवरात्रि के दौरान घर के मुख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों की तोरण लगाना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और नकारात्मक शक्तियां दूर रहती हैं, जिससे वातावरण पवित्र और सुखद बना रहता है।

स्वास्तिक और शुभ-लाभ का चिन्ह बनाएं
नवरात्रि के दौरान मुख्य द्वार पर हल्दी या कुमकुम से स्वास्तिक का चिन्ह बनाना और “शुभ-लाभ” लिखना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा घर पर बनी रहती है और सुख-समृद्धि का वास होता है।
लक्ष्मी जी के चरण चिन्ह लगाएं
नवरात्रि के दौरान घर के मुख्य द्वार पर लक्ष्मी जी के चरण चिन्ह बनाना या चिपकाना बेहद शुभ माना जाता है। यह धन और समृद्धि का प्रतीक है और मान्यता है कि इससे घर में कभी अन्न और धन की कमी नहीं होती।
यें भी पढ़ें : चैत्र नवरात्रि 2026 के पहले दिन बन रहा है शुभ संयोग, जानें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
गुलाब जल का उपाय
नवरात्रि के पहले दिन तांबे के बर्तन में साफ पानी भरकर उसमें गुलाब की पंखुड़ियां डालकर मुख्य द्वार के पास रखना शुभ माना जाता है। यह उपाय घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और वातावरण को सुगंधित व शांत बनाता है।

संध्या में दीपक जलाएं
नवरात्रि के नौ दिनों तक शाम के समय मुख्य द्वार पर घी का दीपक जलाना बहुत शुभ होता है। यह अंधकार को दूर कर घर में प्रकाश और सकारात्मकता लाता है।
तुलसी के पास दीपक जलाएं
नवरात्रि के दौरान घर के तुलसी पौधे के पास दीपक जलाना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और घर में सुख-शांति व समृद्धि बनी रहती है।
चैत्र नवरात्रि सिर्फ पूजा का ही नहीं, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि लाने का भी पर्व है। यदि आप इन छोटे-छोटे वास्तु उपायों को अपनाते हैं, तो मां दुर्गा की कृपा से आपके घर में सुख, शांति और धन का वास हो सकता है।

