बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र स्वस्थ होकर 12 दिन बाद लौटे घर, जिंदगी की जंग लड़कर वापस लौटे

punjabkesari.in Wednesday, Nov 12, 2025 - 09:39 AM (IST)

नारी डेस्क:  बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और सबके प्यारे हीमैन धर्मेंद्र की सेहत को लेकर एक राहत भरी खबर आई है। करीब 12 दिन अस्पताल में इलाज कराने के बाद अब धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि धर्मेंद्र जी की तबीयत में अब काफी सुधार है, इसलिए उन्हें आज सुबह 7 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब उनका आगे का इलाज घर पर ही किया जाएगा।

बॉबी देओल एंबुलेंस से लेकर पहुंचे घर

धर्मेंद्र के बेटे बॉबी देओल पिता को एंबुलेंस में लेकर घर पहुंचे। घर पहुंचते ही परिवार के सभी सदस्य बहुत खुश नजर आए। धर्मेंद्र की हालत में सुधार देखकर फैंस ने भी राहत की सांस ली है।

तबीयत बिगड़ने पर भर्ती हुए थे धर्मेंद्र

कुछ दिन पहले धर्मेंद्र को अचानक सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा और लगातार इलाज किया। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें फैल गई थीं। इस पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने आगे आकर सभी अफवाहों को गलत बताया था। दोनों ने फैंस से अपील की थी कि ऐसी झूठी खबरों पर भरोसा न करें, धर्मेंद्र पूरी तरह से ठीक हैं।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani)

परिवार और बॉलीवुड सितारों ने जताई चिंता

अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान धर्मेंद्र से मिलने पूरा देओल परिवार – हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल और बॉबी देओल – लगातार पहुंचते रहे। इसके अलावा सलमान खान, शाहरुख खान, अमीषा पटेल और गोविंदा जैसे कई बॉलीवुड स्टार्स भी उनका हाल जानने अस्पताल आए थे।

फैंस में खुशी की लहर

अब जब धर्मेंद्र घर लौट आए हैं, उनके चाहने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें ढेर सारा प्यार और जल्दी पूरी तरह ठीक होने की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static