'जीजा जी भिखारी हैं क्या',भाई ने किया बहन के दहेज का व्लॉग, कमेंटरी सुनकर हंसी रोक न पाए लोग
punjabkesari.in Monday, May 12, 2025 - 11:33 AM (IST)

नारी डेस्क: आज के मॉडर्न और डिजिटल युग में लोग पुरानी रूढ़िवादी सोच से बाहर निकल रहे हैं। समाज धीरे-धीरे तरक्की कर रहा है और नए विचारों को अपना रहा है। लेकिन इसके बावजूद भी भारत के कई गांवों और छोटे कस्बों में आज भी कुछ पुरानी परंपराएं मजबूती से जमी हुई हैं। इन्हीं परंपराओं में से एक है दहेज प्रथा। कई लोग अब समझने लगे हैं कि दहेज देना सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि लड़की के परिवार के लिए एक भारी बोझ बन चुका है। शादी जैसे पवित्र रिश्ते को महंगे तोहफों और दिखावे का मंच बना दिया गया है।
शहरों में भले ही यह सोच धीरे-धीरे बदल रही हो, लेकिन ग्रामीण इलाकों में आज भी शादी के नाम पर दहेज की मांग एक आम बात है। कई परिवारों को सामाजिक दबाव के कारण महंगे गिफ्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और नगद पैसे देने पड़ते हैं — चाहे इसके लिए उन्हें कर्ज ही क्यों न लेना पड़े।
वायरल हुआ दहेज का व्लॉग
हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। बिहार के एक लड़के ने अपनी बहन के तिलक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में वो बड़े गर्व से दिखा रहा है कि उसकी बहन के परिवार ने तिलक में क्या-क्या दिया है।
व्लॉग या दहेज की लिस्ट?
वीडियो में लड़का एक-एक करके सारी चीज़ें दिखाता है सबसे पहले दिखाता है एयर कंडीशनर और फ्रिज जो कि बड़े ब्रांड्स के होते हैं। फिर वो सोफा सेट, कुर्सियां, गद्दे-बिस्तर और कई घरेलू सामान दिखाता है। कुछ सामान के बारे में उसे खुद भी पता नहीं होता कि वो क्या है, लेकिन फिर भी वो खुशी-खुशी सब दिखाता है। वीडियो देखकर साफ लग रहा है कि ये सभी चीजें जुटाने में लड़की के परिवार ने लाखों रुपये खर्च किए हैं।
ये भी पढ़े: Harshvardhan Rane ने Mawra के साथ काम करने से किया इनकार, तिलमिलाई पाक एक्ट्रेस कहा– अटेंशन चाहिए इन्हें
इंस्टाग्राम पर मचा धमाल
ये वीडियो इंस्टाग्राम पर @manusinghvlogs1999 नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि ये वीडियो बिहार का है। अब तक इस वीडियो को 20 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है, और लोग इस पर खूब कमेंट भी कर रहे हैं।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
कुछ लोग लड़के के कॉन्फिडेंस और दहेज के इतने सामान को देखकर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा: "ये व्लॉग नहीं, दहेज का सबूत है।"दूसरे ने पूछा,"मोटरसाइकिल कहां है?" तीसरे ने तंज कसते हुए लिखा, "जीजू इतने गरीब हैं क्या?"
सोचने वाली बात ये है कि क्या हम वाकई में आगे बढ़ रहे हैं? जब एक भाई सोशल मीडिया पर दहेज में मिली चीज़ों को गर्व से दिखा रहा है, तो ये सवाल उठता है कि क्या दहेज देना अब एक फैशन बन गया है?