PSEB 12वीं में 500 में 500 अंक लाकर चमकी बरनाला की बेटी

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 04:10 PM (IST)

नारी डेस्क: Punjab School Education Board की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 में पंजाब की एक बेटी ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसने पूरे राज्य को गर्व महसूस कराया। बरनाला जिले की रहने वाली Harsirat Kaur ने मेडिकल स्ट्रीम में पूरे 500 में से 500 अंक हासिल कर राज्यभर में टॉप किया। उनकी इस उपलब्धि के बाद परिवार से लेकर स्कूल और पूरे शहर में खुशी का माहौल देखने को मिला।

बरनाला की बेटी ने रचा इतिहास

हरसिरत कौर बरनाला के कस्बा धनौला की रहने वाली हैं और उन्होंने Sarvhitkari Senior Secondary School से 12वीं की पढ़ाई की। मेडिकल स्ट्रीम की छात्रा हरसिरत ने बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर न सिर्फ अपने माता-पिता, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया। उनकी सफलता की खबर सामने आते ही स्कूल में जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मनाई गई और लोगों ने मिठाइयां बांटकर बेटी की इस उपलब्धि का स्वागत किया।

डॉक्टर बनने का सपना लेकर की कड़ी मेहनत

हरसिरत का सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पढ़ाई में पूरी मेहनत झोंक दी। उन्होंने बताया कि अच्छे अंक हासिल करने के लिए उन्होंने पहले से ही अपना पूरा फोकस पढ़ाई पर रखा था। मोबाइल फोन, टीवी और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर उन्होंने रोजाना 12 से 16 घंटे तक पढ़ाई की। उनके अनुसार, लगातार मेहनत और अनुशासन ही उनकी सफलता का सबसे बड़ा कारण रहा।

परिवार और स्कूल को बेटी पर गर्व

हरसिरत की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता बेहद खुश हैं। परिवार का कहना है कि उन्होंने हमेशा अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और कभी मेहनत से पीछे नहीं हटीं। स्कूल स्टाफ ने भी उनकी सफलता को पूरे स्कूल के लिए गर्व का पल बताया। कई लोग उनसे मिलने पहुंचे और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:   60 की उम्र में मिलिंद सोमन ने रचा इतिहास, यूरोप से अफ्रीका तक तैरकर तय की 15 km की दूरी

सांसद भी पहुंचे बधाई देने

हरसिरत की इस ऐतिहासिक सफलता पर इलाके के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर सांसद Gurmeet Singh Meet Hayer भी विशेष तौर पर उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे। उन्होंने हरसिरत की मेहनत और लगन की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी बेटियां पूरे पंजाब का नाम रोशन कर रही हैं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता

हरसिरत कौर की कहानी उन छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

अब उनका अगला सपना एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है, जिसके लिए वह आगे भी पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं।
  
 
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static