13 घंटे में श्रीलंका से तैरकर भारत पहुंचीं Autism पीड़ित पैरा स्विमर, 13 साल की जिया ने रचा इतिहास
punjabkesari.in Wednesday, Jun 18, 2025 - 03:20 PM (IST)

नारी डेस्क: हमारे देश में प्रतिभाशाली लोगों की कोई कमी नहीं है। इसी का उदाहरण बनकर उभरी हैं मुंबई की 13 वर्षीय जिया राय, जिन्होंने अपने बुलंद हौसलों और मजबूत इरादों के बल पर एक नया इतिहास रच दिया है। ऑटिज्म से पीड़ित होने के बावजूद जिया ने जो कर दिखाया है, वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। जिया राय ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से लेकर तमिलनाडु के धनुषकोडी के अरिचलमुनाई तक 28.5 किलोमीटर लंबा पाक जलडमरूमध्य तैरकर पार किया। यह दूरी उन्होंने महज 13 घंटे में तय की, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक ने किया सम्मानित
इस साहसिक उपलब्धि के बाद तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक डॉ. सी. सिलेंद्र बाबू ने जिया को एक स्मारिका भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने इस तैराकी को देश की सबसे बड़ी खेल उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने बताया कि यह इलाका मिल्क शार्क और जेलीफिश जैसी खतरनाक समुद्री जीवों से भरा हुआ है, ऐसे में तैरना बेहद साहसी काम है।
भारतीय नौसेना ने दी बधाई
भारतीय नौसेना ने भी जिया राय को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि जिया अब "पाक जलडमरूमध्य में तैरने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की और सबसे तेज़ महिला तैराक" बन चुकी हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2004 में भूला चौधरी के नाम था, जिन्होंने यह दूरी 13 घंटे 52 मिनट में तय की थी।
ये भी पढ़ें: कार बनी चिता…सीट पर बैठे-बैठे जिंदा जले एक ही परिवार के पांच लोग, जाने क्या है पूरा मामला
ऑटिज्म जागरूकता और भारत-श्रीलंका संबंधों को समर्पित कार्यक्रम
इस आयोजन को ऑटिज्म के प्रति जागरूकता फैलाने, भारत की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने और भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से रखा गया था। इसे पैरा-स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने आयोजित किया।
जिया राय भारतीय नौसेना के एक अधिकारी की बेटी हैं। उन्हें 2022 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार बच्चों के लिए भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। इससे पहले 2020 में जिया ने मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक से गेटवे ऑफ इंडिया तक 36 किलोमीटर की दूरी 9 घंटे में तैरकर तय की थी।
क्या होता है ऑटिज्म?
ऑटिज्म एक मानसिक विकार है जो आमतौर पर बचपन में ही दिखाई देता है। इस स्थिति में बच्चों का सामाजिक व्यवहार और संवाद करने की क्षमता प्रभावित होती है। ऑटिज्म से ग्रसित बच्चे सामान्य बच्चों की तुलना में अधिक शांत रहते हैं, बातों पर प्रतिक्रिया देने में देरी करते हैं और कई बार भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाते। विशेषज्ञों के अनुसार, ऑटिज्म के कारण बच्चों का मानसिक विकास धीमा हो जाता है।
जिया की सफलता लाखों के लिए प्रेरणा
जिया राय ने यह साबित कर दिया कि कोई भी शारीरिक या मानसिक चुनौती इंसान की राह नहीं रोक सकती, अगर उसके इरादे मजबूत हों। उनकी यह उपलब्धि ना सिर्फ ऑटिज्म से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों को उम्मीद देती है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि हर बच्चा विशेष है और उसे सही दिशा और अवसर दिए जाएं तो वह भी कमाल कर सकता है।