अदा शर्मा को लगा बड़ा सदमा, ‘द केरला स्टोरी’ फेम एक्ट्रेस की दादी का निधन- टूटा दुखों का पहाड़
punjabkesari.in Sunday, Nov 23, 2025 - 03:39 PM (IST)
नारी डेस्क: ‘द केरला स्टोरी’ से चर्चा में आईं बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा इस समय एक बड़े सदमे से गुजर रही हैं। उनकी प्यारी दादी का निधन हो गया है। अदा की दादी ने 23 नवंबर की सुबह 5:30 बजे अंतिम सांस ली। अदा और उनकी दादी के बीच बेहद गहरा और प्यार से भरा रिश्ता था, जिसकी झलक अक्सर एक्ट्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट्स में दिखाई देती थी।
अपनी दादी को प्यार से ‘पाती’ बुलाती थीं अदा
अदा शर्मा अपनी दादी को प्यार से ‘पाती’ कहती थीं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार उनकी दादी पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं। वह अल्सरेटिव कोलाइटिस और डायवर्टीकुलिटिस जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। लंबे इलाज के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो पाया और अंत में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। अदा के लिए यह नुकसान बेहद बड़ा है, क्योंकि वह अपनी दादी के बेहद करीब थीं। वह अक्सर उनके साथ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती थीं।
दो महीने पुराना वीडियो फिर हुआ वायरल
करीब दो महीने पहले अदा ने अपनी दादी का बर्थडे सेलिब्रेशन वाला एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। वीडियो में अदा अपनी दादी का जन्मदिन मनाती दिख रही थीं। कैप्शन में उन्होंने लिखा था “पाती के जन्मदिन की पार्टी का सिनेमैटोग्राफर बनने का मौका पाकर बहुत खुशी हुई।” इस पुरानी पोस्ट को देखकर अब फैंस एक बार फिर भावुक हो गए हैं। यह वीडियो साफ बताता है कि दादी और पोती के बीच कितना गहरा रिश्ता था।
अदा की प्रेरणा थीं उनकी दादी
अदा ने कई बार कहा है कि उनकी दादी उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा थीं। उनके जीवन के कई फैसलों और सोच पर दादी का गहरा असर था। रिपोर्ट्स के अनुसार, दादी के जाने के बाद अब अदा और उनकी माँ उनकी याद में सामाजिक सेवा करने की सोच रही हैं, ताकि उनकी दादी की सीख और आदर्श आगे भी ज़िन्दा रहें।
अदा शर्मा का करियर
अदा शर्मा ‘द केरला स्टोरी’ से सुपरहिट हुईं, लेकिन इससे पहले भी वह कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं, जैसे 1920, कमांडो 2 फैंस उनके काम और उनकी डाउन-टू-अर्थ पर्सनैलिटी को बेहद पसंद करते हैं।

