"इतना साहसी बच्चा हमें छोड़कर चला गया..." नन्हे फैन की मौत से सदमे में एक्टर पवन कल्याण
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 03:37 PM (IST)
नारी डेस्क: आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के एक किशोर प्रशंसक की बुधवार को तेलंगाना के वारंगल में मौत हो गई जो एक दुर्लभ आनुवांशिक विकार से जूझ रहा था। निरंजन (17) नामक किशोर की हालत पिछले कुछ दिन में ज्यादा बिगड़ गई थी और बुधवार सुबह उसकी सांसें थम गईं। उनके निधन की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया

कल्याण ने 17 जून को वारंगल के पास हनुमाकोंडा में निरंजन के घर जाकर उससे मुलाकात की थी। इस दुर्लभ विकार के कारण निरंजन का विकास थम गया था और वह बिस्तर पर रहने को मजबूर था। जन सेना के अध्यक्ष कल्याण को उनकी पार्टी के नेताओं ने बताया था कि निरंजन उनसे मिलना चाहता है। निरंजन से मुलाकात के दौरान कल्याण ने उसके माता-पिता को एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी और परिवार को तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर का 'कल्याणम अक्षतालु' (पवित्र चावल) दिया।

अब पवन कल्याण ने उसी मुलाकात की दो तस्वीरें शेयर कर लिखा- 'निरंजन के अब हमारे बीच न रहने की खबर ने मेरे दिल को गहरा सदमा पहुंचाया है।' उन्होंने आगे लिखा- 'कुछ दिन पहले हनुमाकोंडा में निरंजन के घर जाकर उससे मिलने के पल अभी भी मेरे जेहन में ताजा हैं। वह नन्हा बच्चा, जो गंभीर बीमारी से जूझते हुए भी मेरा इंतजार कर रहा था... मुझे देखते ही उसके चेहरे पर आई वह प्यारी सी मुस्कान... ये सब हमेशा के लिए यादगार पल बनकर रहेंगे।'
पवन कल्याण ने आगे लिखा- 'जब उसका शरीर बीमारी से लड़ रहा था, तब उसका मन असीम साहस के साथ मजबूती से डटा हुआ था। इतनी तकलीफ सहते हुए भी जिंदगी के प्रति उसने जो उम्मीद और आत्मविश्वास दिखाया, वह अनमोल है। यह बहुत दुखद है कि इतने साहस वाला बच्चा हमें इतनी जल्दी छोड़कर चला गया। मैं निरंजन के परिवार वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें इस कभी न पूरी होने वाली क्षति को सहने की शक्ति दें।' उन्होंने अंत में लिखा- 'प्यारे निरंजन... तुम्हारी वह मुस्कान, तुम्हारा साहस और तुम्हारा प्यार हमेशा मेरे दिल में रहेगा। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हू कि तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।'

