दिल्ली की भयानक गर्मी में भी ठंडा रहता है यह खास मिट्टी का घर, नहीं है AC की जरूरत!
punjabkesari.in Tuesday, Jun 10, 2025 - 02:12 PM (IST)

नारी डेस्क: दिल्ली की गर्मी कितनी परेशान करने वाली होती है, ये किसी से छिपा नहीं है। मई-जून में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है और एसी (AC) के बिना रहना मुश्किल हो जाता है। लेकिन ऐसे समय में अगर कोई घर बिना एसी के भी ठंडा बना रहे, तो यह वाकई में चौंकाने वाला है। दिल्ली में ऐसा ही एक अनोखा घर बना है जिसे आर्किटेक्ट रेवती और वसंत कामथ ने डिज़ाइन किया है। इस घर की खास बात ये है कि यह पूरी तरह से मिट्टी से बना है और इसकी दीवारें 'सांस लेती हैं', यानी यह घर खुद से अंदर-बाहर की हवा का संतुलन बनाए रखता है।
सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर प्रियम सारस्वत ने इस घर का वीडियो शेयर किया है, जो अब खूब वायरल हो रहा है। लोग इस अनोखे घर की तारीफ करते नहीं थक रहे।
घर की खास बातें – क्यों नहीं चाहिए एसी?
नेचुरल वेंटिलेशन से भरा हुआ है घर
घर के अंदर घुसते ही कई घुमावदार दरवाजे दिखाई देते हैं, जो न केवल सुंदरता बढ़ाते हैं बल्कि हवा के आने-जाने का रास्ता भी बनाते हैं। इससे गर्मी के मौसम में भी घर के अंदर ताजी और ठंडी हवा बनी रहती है।
मिट्टी की ईंटों से बना सोफा
लिविंग रूम में बैठने के लिए मिट्टी की ईंटों से बना सोफा है। मिट्टी की खासियत होती है कि वह खुद को और अपने संपर्क में आने वाली चीजों को ठंडा रखती है। ऐसे में ये सोफा गर्मियों में भी ठंडा और आरामदायक रहता है।
‘सांस लेने वाली दीवारें’
इस घर की दीवारें सीमेंट की बजाय मिट्टी से बनी हैं। घर के मालिक का कहना है कि ये दीवारें जैसे हमारे साथ "जीवित" होती हैं। ये दीवारें दिन में गर्मी को अंदर नहीं आने देतीं और रात की ठंडक को बनाए रखती हैं। इस कारण पूरे दिन घर का तापमान संतुलित रहता है।
ये भी पढें: 7 स्टार होटल से कम नहीं है अनिल कपूर का घर, देखें अंदर की शानदार तस्वीरें
घर का डिज़ाइन कैसे रखता है इसे ठंडा?
ऊंची छतें: छतें ऊंची होने से गर्म हवा ऊपर चली जाती है और नीचे का हिस्सा ठंडा रहता है। जालीदार खिड़कियां: खिड़कियों पर जालियों का इस्तेमाल किया गया है जिससे बाहर की हवा अंदर आ सके और धूप सीधी अंदर न आए। प्राकृतिक सामग्री का उपयोग: मिट्टी, लकड़ी और ईको-फ्रेंडली चीजों से बना यह घर पर्यावरण के अनुकूल है।
एंटरटेनमेंट ज़ोन भी है अनोखा
घर में एक छोटा एंटरटेनमेंट एरिया भी है, जहां मिट्टी से बना इनडोर फायर प्लेस है। सर्दियों में यह जगह गर्म रहती है। यहां कोई महंगे मॉडर्न डेकोर नहीं हैं, बल्कि लकड़ी के हैंगर तक का इस्तेमाल किया गया है कपड़े सुखाने के लिए।
सबक: प्रकृति के साथ जीना भी है संभव
यह घर हमें सिखाता है कि बिना आधुनिक तकनीक (जैसे एसी) के भी एक आरामदायक, खूबसूरत और टिकाऊ घर बनाया जा सकता है। बस जरूरत है सही डिजाइन, प्राकृतिक सामग्री और थोड़ी समझदारी की।
नोट: यह जानकारी सोशल मीडिया और इंटरनेट पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है।