गुस्से में पति से आगे चल रही थी साेनम, गलती से बन गया राजा की मौत से चंद मिनट पहले का वीडियाे
punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 02:12 PM (IST)

नारी डेस्क: राजा रघुवंशी की हत्या से कुछ मिनट पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसने हड़कंप मचा दिया है। 23 मई को गलती से एक यात्री देव सिंह द्वारा रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में राजा और उनकी पत्नी सोनम को नोंग्रियाट में प्रसिद्ध डबल-डेकर लिविंग रूट ब्रिज के पास पगडंडी पर चलते हुए देखा गया है। माना गया है कि इसी दिन राजा की हत्या की गई थी
15 जून को वीडियो पोस्ट करने वाले सिंह ने लिखा कि उन्हें मेघालय की अपनी यात्रा के दौरान क्लिप की समीक्षा करते समय ही यह फुटेज मिली। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- "सुबह के करीब 9.45 बजे थे। हम नीचे जा रहे थे, तभी दंपत्ति नोंग्रियाट गांव में रात भर रुकने के बाद ऊपर चढ़ रहे थे। मुझे लगता है कि यह उनकी साथ में आखिरी रिकॉर्डिंग थी।" उन्होंने आगे बताया कि सोनम ने सफेद शर्ट पहनी हुई थी - वही शर्ट जो बाद में राजा के शव के पास मिली। सिंह ने क्लिप में राजा को देखकर दुख जताया: "वह सामान्य दिख रहा था, उसे आगे क्या होने वाला है, इस बारे में पूरी तरह से पता नहीं था।"
सिंह ने एक और वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें इंदौर के तीन और लोग दिखाई दे रहे हैं, जिन्होंने राजा और सोनम से 20 मिनट पहले अपनी यात्रा शुरू की थी और बाद में पुलिस ने उन्हें उठा लिया था।सिंह ने वीडियो को मेघालय पुलिस को भेजने की अपील की है और अनुरोध किया है कि इसे बिना अनुमति के इस्तेमाल न किया जाए। इस वीडियो में देखा जा रहा है सोनम के हाथ में कुछ सामान है और वह गुस्से से आगे बढ़ रही है, वही अपनी पत्नी के इरादों से अनजान राजा चुप- चाप उसके पीछे- पीछे चल रहा है।
राजा और सोनम ने 11 मई को शादी की और 20 मई को अपने हनीमून के लिए मेघालय गए। 23 मई को राजा पूर्वी खासी हिल्स जिले में लापता हो गए। उनका शव 2 जून को सोहरा (जिसे चेरापूंजी के नाम से भी जाना जाता है) में वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई में मिला। जांच जल्द ही राजा की पत्नी सोनम तक पहुंच गई जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर यह खेल रचा था। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश शादी से पहले ही रच ली गई थी।