"आपका हाथ दिखा गया हम आपको बचा लेंगे..."रोहिणी हादसे में मौत का सामना कर रहे इंसान को जवान ने दिया हौंसला
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 11:05 AM (IST)
नारी डेस्क: दिल्ली के रोहिणी इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के बाद रातभर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव बरामद किए गए और इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने के बाद शुरू किया गया बचाव अभियान अब समाप्त हो गया है। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने मलबे से कुल तीन लोगों को बाहर निकाला। इनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमों ने हादसे के बाद मोर्चा संभाल लिया। इसी बीच घटनास्थल से एक वीडियो सामने आया जिसमें देखा गया कि मलबे में नीचे एक शख्स दबा हुआ है और वह मदद की गुहार लगा रहा है। रेस्क्यू टीम का जवान उसे हौंसला देते हुए कहता है- 'हमें आपका हाथ दिख रहा है हम आपकाे बचा लेंगे'। वह बार- बार जिंदगी और मौत के फंसे शख्स से कह रहे हैं- 'हम ऊपर से मलबा हटा रहे हैं... आपको कोई दिक्कत तो नहीं हो रही?' जवान हौसला देते हुए कहता है, 'घबराना मत... सबको बचा लेंगे।'

इन शब्दों ने उस इंसान को कितनी हिम्मत दी होगी जो इस हादसे के बाद लगभग सारी उम्मीद खो चुका होगा। बताया जा रहा है कि अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मलबे से निकाल लिया था लेकिन अस्पताल में उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। यह हादसा बुधवार शाम चार बजकर 20 मिनट पर सेक्टर-16 स्थित नगर निगम के एक स्कूल के पास हुआ। निकाय की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार जी-4/152 और जी-4/153 नंबर की संपत्तियां इस घटना में प्रभावित हुई हैं। इसके बाद पुलिस, डीएफएस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), राजस्व विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया तथा मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई।

यह इमारत हाल में बनाई गई थी और इसके नक्शे 'सरल' योजना के तहत स्वीकृत किए गए थे। नगर निगम के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, हादसे के समय इमारत में 'प्लंबिंग' (भवनों में जल आपूर्ति और अपशिष्ट निकासी के लिए पाइप और उपकरण स्थापित करना और उनका रखरखाव करना) का काम किया जा रहा था। हालांकि, एमसीडी ने स्पष्ट किया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच में स्वीकृत भवन नक्शों के अनुपालन, निर्माण की गुणवत्ता, संभावित संरचनात्मक बदलावों तथा परियोजना से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।

