नम आंखों से दी गई ''गजनी'' फेम Pradeep Rawat को अंतिम विदाई, सामने आया अंतिम यात्रा का Video

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 04:29 PM (IST)

नारी डेस्क : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और 'गजनी' फेम प्रदीप रावत अब हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। मंगलवार को उनके निधन के बाद बुधवार को पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस दौरान उनकी अंतिम यात्रा का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें परिवार, करीबी और प्रशंसक नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते नजर आ रहे हैं।

फूलों से सजी अंतिम यात्रा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रदीप रावत की अंतिम यात्रा के लिए तैयार वाहन को फूलों से सजाया गया है। वाहन पर अभिनेता की तस्वीर लगाई गई है, जिस पर 'भावभीनी श्रद्धांजलि' लिखा हुआ है। अंतिम यात्रा के दौरान मौजूद लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्मशान घाट पहुंचा पार्थिव शरीर

प्रदीप रावत का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंच चुका है। परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार इस कठिन घड़ी में बेहद भावुक नजर आए। अभिनेता के बेटे समेत परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें नम थीं। वहीं, फिल्म और टीवी जगत से जुड़े कई कलाकार भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ निधन

74 वर्षीय प्रदीप रावत पिछले कई वर्षों से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान उनकी हालत में कुछ समय के लिए सुधार हुआ था, लेकिन बीमारी दोबारा लौट आई। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

'गजनी' से मिली खास पहचान

प्रदीप रावत ने अपने फिल्मी करियर में करीब 150 फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने कई फिल्मों में दमदार खलनायक की भूमिका निभाई, लेकिन आमिर खान स्टारर 'गजनी' में निभाया गया उनका किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इसके अलावा टीवी के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' में अश्वत्थामा का उनका किरदार भी खूब सराहा गया था।

यें भी पढ़ें : 'गजनी' फेम Actor की इस कैंसर के होने से मौत, जानिए इस बीमारी के शुरुआती लक्षण

 

फैंस और सितारों ने दी श्रद्धांजलि

प्रदीप रावत के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर अभिनेता, निर्देशक और प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हर कोई उनके अभिनय, सादगी और यादगार किरदारों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दे रहा है। उनके जाने से भारतीय सिनेमा ने एक दमदार कलाकार खो दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static