16 साल के लड़के की आंख के ऊपर निकला दांत, डॉक्टर भी देखकर रह गए हैरान
punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 11:52 AM (IST)
नारी डेस्क: मेडिकल साइंस में कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जिन्हें देखकर डॉक्टर भी कुछ पल के लिए हैरान रह जाते हैं। ऐसा ही एक बेहद दुर्लभ मामला भारत में सामने आया, जहां एक 16 साल के लड़के की आंख के ऊपर, पलक और भौंह के बीच दांत जैसा कुछ बाहर निकलता दिखाई दिया। शुरुआत में डॉक्टरों को भी समझ नहीं आया कि आखिर यह क्या है। जांच के बाद जो सामने आया, वह वाकई चौंकाने वाला था। यह मामला Ophthalmology जर्नल में प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, लड़के की बाईं ऊपरी पलक पर करीब एक महीने से बिना दर्द वाली सूजन थी। बाद में इसी जगह से दो सख्त और सफेद नुकीले हिस्से बाहर दिखाई देने लगे।
पहले ट्यूमर होने का था शक
जब लड़का डॉक्टरों के पास पहुंचा तो उसकी ऊपरी पलक और भौंह के बीच दो सफेद उभरे हुए हिस्से दिखाई दे रहे थे। ये छूने पर सख्त थे। शुरुआत में डॉक्टरों ने इसकी वजह किसी दुर्लभ ट्यूमर, खासकर टेराटोमा, को माना। टेराटोमा एक ऐसा ट्यूमर है जिसमें अलग-अलग तरह के ऊतक पाए जा सकते हैं और कुछ मामलों में इसमें हड्डी या दांत जैसा ऊतक भी मौजूद हो सकता है। लेकिन डॉक्टरों को पूरी स्थिति साफ नहीं थी, इसलिए आगे की जांच के लिए CT स्कैन कराया गया।

CT स्कैन ने खोल दिया पूरा राज
CT स्कैन में पता चला कि आंख के ऊपर दिखाई दे रहे ये हिस्से किसी बाहरी वस्तु या ट्यूमर का हिस्सा नहीं थे। यह एक पूरी तरह विकसित कैनाइन दांत था, जो सामान्य जगह यानी मुंह के बाहर विकसित हो गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह दांत बाईं आंख की superior orbit यानी आंख के ऊपरी सॉकेट में मौजूद था और वहां से पलक के नीचे की तरफ बढ़ रहा था। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने इसे निकाल दिया। जांच में इसमें टेराटोमा जैसे ट्यूमर के कोई तत्व नहीं मिले।
ये भी पढ़ें: खून को पतला रखने के लिए जरूरी हैं ये चीजें, नहीं तो बढ़ जाता है इन बीमारियों का खतरा
इसे कहा जाता है Ectopic Tooth
सामान्य तौर पर दांत मुंह के अंदर दांतों की तय लाइन में विकसित होते हैं। लेकिन जब कोई दांत अपनी सामान्य जगह से हटकर शरीर के किसी दूसरे हिस्से में विकसित हो जाता है, तो इसे Ectopic Tooth कहा जाता है। ऐसे मामले बेहद दुर्लभ हैं। मेडिकल रिपोर्ट्स में इससे पहले नाक के अंदर, मैक्सिलरी साइनस और आंख के नीचे जैसे अलग-अलग हिस्सों में एक्टोपिक दांत पाए जाने की जानकारी मिल चुकी है। लेकिन आंख के ऊपरी सॉकेट यानी superior orbit में दांत का यह पहला रिपोर्टेड मामला बताया गया है।
लड़के को नहीं था कोई खास दर्द
इस मामले की एक और खास बात यह थी कि लड़के को शुरुआत में इस सूजन से कोई दर्द या दूसरी बड़ी परेशानी नहीं हो रही थी। कुछ समय तक सिर्फ ऊपरी पलक पर सूजन रही और बाद में सफेद नुकीले हिस्से बाहर दिखाई देने लगे। डॉक्टरों के मुताबिक, इस मामले में दांत मुख्य रूप से एक cosmetic समस्या पैदा कर रहा था और आंख के दूसरे जरूरी हिस्सों पर दबाव नहीं डाल रहा था। हालांकि, अगर ऐसा दांत आंख की मांसपेशियों, नसों या दूसरी संरचनाओं के बेहद करीब चला जाता, तो परेशानी बढ़ सकती थी।

सर्जरी के बाद निकाल दिया गया दांत
डॉक्टरों ने सर्जरी के जरिए इस असामान्य जगह पर विकसित दांत को बाहर निकाल दिया। जांच के बाद किसी दूसरे एक्टोपिक दांत के होने का भी कोई सबूत नहीं मिला। इस तरह लड़के का इलाज किया गया और मामला सामने आने के बाद यह मेडिकल जगत में चर्चा का विषय बन गया।
डॉक्टर भी थे हैरान
इस केस की सह-लेखक डॉ. मेघना तंवर और उनकी टीम के लिए भी यह अनुभव बेहद असामान्य था। रिपोर्ट के अनुसार, यह superior orbit में एक्टोपिक दांत का पहला और अब तक अकेला रिपोर्टेड मामला है। आखिरकार, जिस चीज को शुरुआत में डॉक्टर एक दुर्लभ ट्यूमर समझ रहे थे, CT स्कैन ने उसकी असली पहचान सामने ला दी वह एक विकसित दांत था, जो मुंह के बजाय आंख के ऊपर मौजूद था।

